बिलासपुर में बालाजी गैस एजेंसी से जुड़े उपभोक्ताओं को सिलेंडर के लिए लंबे इंतजार से राहत मिलने की उम्मीद है. इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसीएल) ने एजेंसी की 3,500 से अधिक लंबित रिफिल बुकिंग शहर की दूसरी एजेंसियों में ट्रांसफर कर दी हैं.

इन बुकिंग के आधार पर साईं प्रसाद और वर्तिका इंडेन को उपभोक्ताओं को प्राथमिकता से सिलेंडर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं. बुकिंग पूरी होने के बाद होम डिलीवरी इन्हीं वैकल्पिक एजेंसियों के माध्यम से कराई जाएगी.

उपभोक्ताओं को क्या करना होगा

खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर के मुताबिक, बालाजी गैस एजेंसी से जुड़े उपभोक्ता पहले की तरह ही रिफिल की बुकिंग करें. बुकिंग के बाद निर्धारित समयसीमा में साईं प्रसाद या वर्तिका इंडेन से उनके घर तक सिलेंडर पहुंचाया जाएगा. खाद्य विभाग और आईओसीएल की टीम इस व्यवस्था की निगरानी कर रही है.

आईओसीएल के जिला प्रभारी हेमप्रकाश साहू ने बताया कि बालाजी एजेंसी के उपभोक्ताओं को नजदीकी दूसरी एजेंसियों से सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है. उनके अनुसार, बिलासपुर शहर में घरेलू इंडेन सिलेंडर का पर्याप्त स्टॉक है और एजेंसियों को नियमित आपूर्ति मिल रही है.

यह वैकल्पिक व्यवस्था बालाजी गैस एजेंसी से जुड़ा मामला पूरी तरह सुलझने तक जारी रहने की बात कही गई है.

एजेंसी से करीब 15 हजार उपभोक्ता जुड़े

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, बालाजी गैस एजेंसी से करीब 15 हजार उपभोक्ता जुड़े हैं. त्योहारी सीजन में उन्हें परेशानी से बचाने के लिए वैकल्पिक एजेंसियों के जरिए रिफिल उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है.

बालाजी एजेंसी पर पहले प्रशासन और कंपनी की ओर से कार्रवाई की गई थी. एजेंसी को अस्थायी रूप से बंद कर आवश्यक दस्तावेज मांगे गए थे. एजेंसी संचालक ने इस कार्रवाई को अदालत में चुनौती दी है. इसी पृष्ठभूमि में उपभोक्ताओं को रिफिल मिलने में दिक्कत की स्थिति बनी थी.