बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र में पुराने मकान का छज्जा तोड़ते समय करीब 15 फीट ऊंचाई से गिरकर एक मजदूर की मौत हो गई. हादसे में दूसरा मजदूर गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज सिम्स में चल रहा है.
घटना मंगलवार को कपिल नगर में हुई. अशोक नगर निवासी नरेंद्र साहू (38) अपने साथी मजदूर पंकज यादव के साथ गीता यादव के मकान का पुराना छज्जा ढहा रहे थे. दोनों छत पर चढ़कर काम कर रहे थे. इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ा और वे नीचे जमीन पर गिर गए.
तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. दोनों मजदूर गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले, जिसके बाद उन्हें सिम्स ले जाया गया. इलाज के दौरान सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटों के चलते नरेंद्र साहू ने दम तोड़ दिया. दूसरे मजदूर पंकज यादव की हालत गंभीर बताई गई है.
सूचना मिलने पर सरकंडा पुलिस ने नरेंद्र के शव को मॉर्च्युरी भेज दिया. पुलिस के अनुसार, पोस्टमॉर्टम कराया गया है.
सुरक्षा इंतजामों की जांच
पुलिस यह जांच कर रही है कि काम के दौरान मजदूरों के लिए सेफ्टी बेल्ट, हेलमेट या मचान की व्यवस्था की गई थी या नहीं. अधिकारियों ने प्रत्यक्षदर्शियों और मकान मालिक से पूछताछ की बात कही है.
मृतक के परिजनों ने मकान मालिक और ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाया है. पुलिस ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
