छत्तीसगढ़ के आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (ईओडब्ल्यू) और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बिलासपुर की राजकिशोर नगर स्थित बैंक ऑफ वडोदरा शाखा में कथित ₹5,04,15,000 के ऋण घोटाले की जांच पूरी कर ली है. एजेंसी ने तत्कालीन वरिष्ठ शाखा प्रबंधक राहुल कुमार सिन्हा और विश्वजीत भौमिक के खिलाफ विशेष न्यायालय (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम), बिलासपुर में चालान पेश किया है.

मामला बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय, रायपुर से मिली शिकायत के आधार पर 28 जनवरी 2020 को दर्ज किया गया था. जांच एजेंसी के अनुसार 20 मार्च 2018 से 3 मई 2019 के बीच शाखा प्रबंधक ने बैंक के नियमों और निर्धारित प्रक्रियाओं की अनदेखी करते हुए 11 अपात्र फर्मों को अलग-अलग ऋण सुविधाएं मंजूर कीं. इनमें कैश क्रेडिट, ओवरड्राफ्ट, बैंक गारंटी और टर्म लोन शामिल थे. ये सभी 11 खाते वर्ष 2019 में एनपीए घोषित हो गए.

फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल का आरोप

जांच के मुताबिक, भौमिक जरहाभाठा स्थित उड़ान माइक्रो फाइनेंस कार्यालय के जरिए लोगों को छोटे ऋण और बैंक लोन दिलाने का काम करता था. आरोप है कि आवेदकों से लिए गए आधार, पैन, केवाईसी और संपत्ति संबंधी दस्तावेजों का इस्तेमाल उनकी जानकारी के बिना फर्जी फर्में बनाने में किया गया. कुछ फर्मों में उसके कर्मचारियों को प्रोपराइटर बताया गया. जांच में तीन फर्मों के दुकान एवं स्थापना पंजीयन प्रमाणपत्र फर्जी मिले, जबकि सात फर्मों के जीएसटी रिटर्न उसी कार्यालय से दाखिल किए जा रहे थे.

बैंक निरीक्षण के दौरान इन फर्मों की वास्तविक व्यावसायिक इकाइयां मौके पर नहीं मिलीं. एजेंसी का कहना है कि ऋण मंजूरी से पहले किए गए भौतिक सत्यापन में गलत पते और कारोबार संबंधी सूचनाएं दर्ज की गईं. एक फर्म का पता भौमिक का अपना मकान पाया गया.

जांच के अनुसार ऋण राशि का अंतिम लाभ भौमिक को मिला और रकम राष्ट्रीय लघु उद्योग निगम (एनएसआईसी) के माध्यम से उसकी फर्म ए.बी. फास्टनर्स में भेजी गई. इसके लिए एनएसआईसी, रायपुर में कथित तौर पर फर्जी बिल पेश किए गए. दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 12 और 13(2) के तहत भी चालान पेश किया गया है.