बिलासपुर में मत्स्य विभाग ने स्वास्थ्य के लिए हानिकारक बताई जा रही प्रतिबंधित थाई मांगुर मछली की बिक्री और अवैध आवक रोकने के लिए कार्रवाई तेज कर दी है. विभाग ने सात सदस्यीय विशेष टीम गठित कर शहर के थोक और चिल्हर मछली बाजारों में औचक जांच शुरू की है.
विभाग के अनुसार, जांच के दौरान जहां भी प्रतिबंधित थाई मांगुर मिल रही है, उसे जब्त कर जमीन में दफन करके नष्ट किया जा रहा है. इसका उद्देश्य जब्त मछली को दोबारा बाजार में पहुंचने से रोकना है. हाल में शनिचरी बाजार में भी टीम ने कार्रवाई कर बड़ी मात्रा में मछली जब्त की थी.
मत्स्य विभाग को आशंका है कि कोलकाता और हावड़ा रूट से आने वाली ट्रेनों की पार्सल बोगियों में सामान्य सामान की आड़ लेकर यह मछली बिलासपुर तक लाई जा रही है. इसके बाद विभाग रेलवे प्रशासन को औपचारिक पत्र भेजकर पार्सल कार्यालयों और यार्ड में संदिग्ध कंटेनरों की संयुक्त जांच तथा अनधिकृत लोडिंग पर रोक लगाने का अनुरोध करेगा.
हावड़ा-मुंबई मुख्य मार्ग की ट्रेनों से उतरने वाले मछली के डिब्बों की औचक जांच के लिए रेलवे सुरक्षा बल और पार्सल कर्मचारियों के साथ समन्वय की योजना बनाई जा रही है. स्थानीय आढ़तियों और परिवहन एजेंटों को बिना वैध कागजात और जांच के ऐसी खेप नहीं उतारने की हिदायत दी गई है.
सहायक मत्स्य अधिकारी योगेश मनवाटकर के मुताबिक, अवैध बिक्री या परिवहन पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ मत्स्य अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी. विभाग ने उपभोक्ताओं से थाई मांगुर खरीदने से बचने की अपील की है. अधिकारियों का कहना है कि यह प्रजाति गंदे पानी और मांसाहारी अपशिष्टों में पनपती है तथा इसके सेवन से स्वास्थ्य संबंधी जोखिम हो सकते हैं.
