बिलासपुर जिले के बेलगहना चौकी क्षेत्र के करवा गांव में एक सहायक शिक्षक से मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में निलंबित शिक्षक दंपति के खिलाफ पुलिस ने अपराध दर्ज किया है. शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की विवेचना कर रही है.

आरोपितों की पहचान अर्चना अनंत और उनके पति उदयराम अनंत के रूप में हुई है. अर्चना प्राथमिक शाला टेंगनमाड़ा और उदयराम प्राथमिक शाला सोढ़ा कला में पदस्थ थे. विभागीय जांच के बाद दोनों को निलंबित किया गया था.

शिकायतकर्ता दीनदयाल सिंह ओट्टी शासकीय प्राथमिक शाला करवा में सहायक शिक्षक वर्ग-तीन के पद पर पदस्थ हैं और कोटा से स्कूल आना-जाना करते हैं. पुलिस को दिए बयान के अनुसार, वह 13 अक्टूबर की सुबह ट्रेन से टेंगनमाड़ा स्टेशन पहुंचे थे. उनके साथ शिक्षिका जयश्री कौशिक भी थीं.

शिकायत के मुताबिक, सुबह करीब 9:10 बजे दोनों बाजार रोड से करवा की कच्ची सड़क के रास्ते स्कूल जा रहे थे. मृत्युंजय जायसवाल के घर के पास अर्चना अनंत ने कथित तौर पर उनका रास्ता रोककर कॉलर पकड़ा और हाथापाई की. इसके बाद उदयराम अनंत भी वहां पहुंच गए.

दीनदयाल सिंह ने आरोप लगाया कि दोनों ने उन्हें अपने निलंबन के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए गाली-गलौज की और हाथ-मुक्कों से पीठ, गले तथा बाईं भुजा पर मारपीट की. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दंपति ने शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी. घटना के समय शिक्षिका जयश्री कौशिक और आसपास के लोग मौजूद होने की बात कही गई है.

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 296, 351(3), 115(2), 126 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है. आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी.