बिलासपुर में जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरु घासीदास विश्वविद्यालय परिसर में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण किया. उन्होंने राष्ट्रीय संगोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि जनजातीय नायकों का योगदान और बलिदान देश कभी नहीं भूल सकता. उनके अनुसार, इन नायकों ने आजादी के साथ अपनी संस्कृति, पहचान और अधिकारों की रक्षा के लिए भी संघर्ष किया.

कार्यक्रम में राष्ट्रीय संगोष्ठी की स्मारिका का विमोचन भी किया गया. मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस त्याग और संघर्ष को याद करने के साथ नई पीढ़ी को उससे प्रेरणा देने का अवसर है. उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने कम उम्र में अंग्रेजी शासन और जनजातीय समाज के शोषण के खिलाफ आवाज उठाई.

119.11 करोड़ रुपये के 16 विकास कार्य

कार्यक्रम के तहत लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में 119.11 करोड़ रुपये के 16 विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण प्रस्तावित है. इनमें 89 करोड़ 30 लाख 76 हजार रुपये के सात कार्यों का भूमिपूजन और 29 करोड़ 79 लाख 76 हजार रुपये के नौ कार्यों का लोकार्पण शामिल है.

पुराना बस स्टैंड में 12.60 करोड़ रुपये की लागत से बनी ऑटोमेटेड मल्टीलेवल कार पार्किंग का उद्घाटन भी कार्यक्रम का हिस्सा है. इसे प्रदेश की पहली स्वचालित शटल-तकनीक वाली पार्किंग बताया गया है. इसके शुरू होने से बाजार क्षेत्र में पार्किंग की समस्या और ट्रैफिक जाम कम होने की उम्मीद जताई गई है.

विकास कार्यों में मंगला चौक से धुरीपारा छोटे कोनी मार्ग तक 2.40 करोड़ रुपये की सड़क, मल्हार-चिल्हाटी के बीच 25 किलोमीटर और खम्हरिया-सोठी-नवापारा के बीच 11.60 किलोमीटर सड़क शामिल हैं. इन परियोजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन और कनेक्टिविटी बेहतर होने की बात कही गई है.

बोदरी, बेलतरा और सीपत में नए तहसील कार्यालय बनाए जाने हैं. इससे स्थानीय लोगों को राजस्व, जमीन और दस्तावेजों से जुड़े कामों के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा. कोटा के खोंगसरा स्कूल में 50 सीटों वाला बालिका छात्रावास और तखतपुर के शासकीय जेएमपी कॉलेज में अतिरिक्त भवन भी प्रस्तावित कार्यों में शामिल हैं. बेलगहना-कोनचरा-खोंगसरा मार्ग पर डोंगा नाला के ऊपर 6.59 करोड़ रुपये की लागत से उच्चस्तरीय पुल बनाया जाएगा, जिससे बारिश के दौरान आवागमन बाधित होने की समस्या कम करने का लक्ष्य है.

जनजातीय विकास और सामाजिक पहल का उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत छत्तीसगढ़ के करीब साढ़े छह हजार गांव शामिल हैं. विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों की बस्तियों में सड़क, बिजली, रसोई गैस और सौर ऊर्जा जैसी सुविधाएं पहुंचाने का दावा उन्होंने किया. उन्होंने मांझी, चालकी और बैगा के मानदेय बढ़ाए जाने का भी उल्लेख किया.

साय ने शहीद वीर नारायण सिंह, गुंडाधुर और गेंद सिंह सहित जनजातीय नायकों को याद किया. केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू और उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने भी जनजातीय नायकों के योगदान पर बात रखी. विश्वविद्यालय की 10 रुपये में भोजन उपलब्ध कराने की पहल का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे करीब 2,500 लोगों को लाभ मिल रहा है.