बिलासपुर में भारतीय जनता पार्टी ने ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत पदयात्रा निकाली. यह पदयात्रा गांधी चौक मिनी स्टेडियम से शुरू होकर नेहरू चौक तक गई. कार्यक्रम में नगर विधायक और पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी शामिल हुए.
पदयात्रा के दौरान अमर अग्रवाल ने कांग्रेस पर देश में अराजकता फैलाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि आजादी के बाद लोकतंत्र को सबसे बड़ा आघात कांग्रेस ने पहुंचाया और आपातकाल इसका प्रमुख उदाहरण है. अग्रवाल ने आरोप लगाया कि सत्ता में रहते हुए लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं को नुकसान पहुंचाने वाली कांग्रेस अब लोकतंत्र की दुहाई दे रही है.
उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस और विपक्षी दलों की ओर से देशभर में अराजकता का माहौल बनाने का प्रयास किया जा रहा है. अग्रवाल के मुताबिक, लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है और वह अपने मत के जरिए राजनीतिक दलों को जवाब देती है.
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के मुद्दे पर भी भाजपा नेता ने अपनी बात रखी. अग्रवाल ने दावा किया कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों के समन्वित प्रयासों से नक्सलवाद के खिलाफ अभियान में महत्वपूर्ण सफलता मिली है. उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सशस्त्र नक्सलवाद से मुक्त हो चुका है. यह दावा उनके राजनीतिक संबोधन का हिस्सा था.
पदयात्रा में केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार, केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विधायक धरमलाल कौशिक, धरमजीत सिंह और सुशांत शुक्ला, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह तथा महापौर पूजा विधानी सहित अन्य लोग मौजूद रहे.
