बिलासपुर के कोनी थाना क्षेत्र स्थित बाम्बे आवास में बेटे को परेशान करने और शराब पीने के लिए पैसे मांगने के आरोपों को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई. घटना में दोनों पक्षों के लोगों को चोटें आई हैं. पुलिस ने दोनों शिकायतों पर क्रॉस केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

बाम्बे आवास निवासी अमित छाबड़ा (43) ने शिकायत में बताया कि 10 नवंबर की सुबह करीब 10:30 बजे वह काम पर जाने के लिए घर से निकल रहे थे. इसी दौरान उसी ब्लॉक में रहने वाले लेखराम कश्यप ने अपने बेटे प्रकाश को परेशान करने की बात कहते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी. शिकायत के अनुसार, विरोध करने पर लेखराम ने जान से मारने की धमकी दी और हाथ, थप्पड़ व डंडे से मारपीट की. अमित ने दाहिने पैर, पीठ और कमर में चोट लगने की बात कही है. उन्होंने पुष्कर छाबड़ा और ओम जायसवाल को घटना का गवाह बताया.

दूसरी शिकायत प्रकाश कश्यप (28) ने दर्ज कराई. उसके अनुसार, 9 नवंबर की शाम करीब 7:30 बजे वह घर के पास बैठा था. तभी अमित छाबड़ा, पुष्कर छाबड़ा और राकेश यादव वहां पहुंचे और शराब पीने के लिए 2,000 रुपये मांगे. रुपये देने से इनकार करने पर तीनों ने गाली-गलौज, धमकी और मारपीट की. प्रकाश ने कान और कंधे में चोट लगने की जानकारी दी है. दोनों पक्षों के आरोपों की पुलिस जांच कर रही है.