बिलासपुर के प्रमुख सब्जी बाजार बृहस्पति बाजार को अस्थाई रूप से मुन्नू लाल स्कूल परिसर में शिफ्ट करने की तैयारी चल रही है. रिवर व्यू के पास स्थित इस परिसर में कारोबारियों और ग्राहकों के लिए शेड और चबूतरों का निर्माण कराया जा रहा है.

जिला प्रशासन और नगर निगम की योजना के मुताबिक, अस्थाई बाजार का निर्माण पूरा होने के बाद पुराने बाजार की दुकानों को चरणबद्ध तरीके से यहां स्थानांतरित किया जाएगा. इसके बाद मौजूदा जगह पर प्रस्तावित मल्टी-स्टोरी वेजिटेबल-फूड मार्केट के निर्माण का रास्ता साफ होगा.

अस्थाई परिसर में कारोबार प्रभावित न हो, इसके लिए बारिश और धूप से बचाव वाले शेड बनाए जा रहे हैं. बिजली, पानी और साफ-सफाई जैसी बुनियादी सुविधाएं विकसित करने पर भी जोर दिया जा रहा है. नगर निगम के उप आयुक्त खंजाची कुम्हार के अनुसार, निर्माण कार्य तय समयसीमा में पूरा करने का प्रयास है.

पुराने बाजार की जगह आधुनिक परिसर की योजना

प्रस्तावित मल्टी-स्टोरी मार्केट में नियोजित दुकानें, पार्किंग और फूड जोन जैसी सुविधाएं शामिल करने की योजना बताई गई है. बाजार में बेहतर हवा और रोशनी, अग्नि सुरक्षा उपकरण, कचरा प्रबंधन तथा सब्जियों की बर्बादी कम करने के लिए छोटे स्तर के कोल्ड स्टोरेज या तापमान नियंत्रित कक्ष का प्रावधान भी प्रस्तावित है.

बृहस्पति बाजार में रोजाना बड़ी संख्या में ग्राहक सब्जियां, फल और रोजमर्रा का सामान खरीदने पहुंचते हैं. आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के किसान भी यहां उपज बेचते हैं. बाजार के संकरे होने और बुनियादी सुविधाओं की कमी से भीड़भाड़ और यातायात बाधित होने की समस्या बनी रहती है. प्रशासन को उम्मीद है कि नए परिसर से इन दिक्कतों को कम करने में मदद मिलेगी.