छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सरैया गांव में शिवतराई रोड के पास मिले अधजले शव की पहचान तीसरे दिन भी नहीं हो सकी है. शव 90 फीसदी से अधिक जल चुका है, इसलिए चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों से पहचान करना मुश्किल है. पुलिस को संदेह है कि यह शव मुंगेली के कियोस्क संचालक मिथिलेश वर्मा (33) का हो सकता है, लेकिन परिजनों ने पहचान की पुष्टि नहीं की है.
घटनास्थल से मिली बाइक और Realme के ईयरबड परिजनों द्वारा बताई गई पहचान से मेल खाते हैं. हालांकि पुलिस पहचान को पुख्ता करने के लिए अब पोस्टमॉर्टम के बाद हड्डियों के नमूने सुरक्षित कराएगी. इन नमूनों का मिलान मिथिलेश के माता-पिता या अन्य परिजनों के रक्त नमूनों से किया जाएगा. फोरेंसिक प्रक्रिया में करीब 10 से 15 दिन लगने की जानकारी दी गई है.
घटनास्थल से कई सामान बरामद
सीन ऑफ क्राइम टीम को मौके से GI तार, पेंचिस, जले मोबाइल की स्क्रीन, ईयरबड और बाइक मिली है. पानी की बोतल और डिस्पोजल गिलास में बचा पानी भी मिला. पुलिस के अनुसार बारिश के कारण फुटप्रिंट, गंध और अन्य साक्ष्य प्रभावित हुए हैं. बरामद सामान को जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है.
पुलिस ने परिजनों के आने और शव की पहचान होने की उम्मीद में करीब 48 घंटे तक पोस्टमॉर्टम नहीं कराया. अब पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी कर DNA जांच के लिए नमूने लिए जाएंगे.
CCTV और कॉल रिकॉर्ड की जांच
टेक्निकल टीम मुंगेली के ग्रामीण इलाकों के CCTV फुटेज खंगाल रही है. एक फुटेज में मिथिलेश के दिखाई देने की बात सामने आई है. पुलिस उसके मोबाइल की कॉल लॉग और हिस्ट्री की जांच कर रही है, ताकि आखिरी संपर्कों की जानकारी मिल सके.
जांच एजेंसियां पुरानी रंजिश, प्रेम संबंध और जमीन विवाद समेत हत्या के सभी संभावित कारणों की पड़ताल कर रही हैं. फिलहाल शव की पहचान और घटना के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
