बिलासपुर के तीन कारोबारियों से हैदराबाद के डियाब्लो पब और रेस्टोरेंट में 25 प्रतिशत हिस्सेदारी देने के नाम पर 3 करोड़ 42 लाख 50 हजार रुपये लेने का मामला सामने आया है. तारबाहर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर जयवीर सिंह सभरवाल और शेषम कौर के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है. पुलिस अब बैंक खातों और लेन-देन की जांच कर रही है.
शिकायतकर्ता लिंक रोड निवासी कारोबारी शिखर सराफ के मुताबिक, वर्ष 2022 में बिलासपुर में एक गायक के कार्यक्रम के दौरान उनकी मुलाकात शेषम कौर से हुई थी. इसके बाद शेषम कौर और जयवीर सिंह सभरवाल ने खुद को प्राशी वेंचर्स एलएलपी का अधिकृत साझेदार बताते हुए डियाब्लो पब में हिस्सेदारी की पेशकश की. शिखर सराफ और उनके कारोबारी साथी रितेश शाह इस निवेश के लिए तैयार हुए.
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, 10 जनवरी 2025 को दोनों पक्षों के बीच समझौता पत्र तैयार हुआ. इसके बाद तीन निवेशकों ने किस्तों में आरटीजीएस के जरिये कंपनी के हैदराबाद स्थित खाते में रकम भेजी. इसमें शिखर सराफ ने 1 करोड़ 45 लाख रुपये, रितेश शाह ने 1 करोड़ 35 लाख रुपये और रितेश के साले सक्षम श्रीवास्तव ने 62 लाख 50 हजार रुपये लगाए.
शिकायत में आरोप है कि रकम लेने के बाद निवेशकों को कंपनी में आधिकारिक साझेदार नहीं बनाया गया और न ही वित्तीय विवरण या कारोबार का हिसाब दिया गया. कारोबारियों ने जानकारी जुटाई तो पता चला कि कंपनी के पांच अन्य साझेदारों की अनुमति के बिना यह समझौता किया गया था.
शिकायत के मुताबिक, किराया जमा न होने के कारण डियाब्लो पब बाद में बंद हो गया. आरोप यह भी है कि रकम कंपनी के आधिकारिक बैंक खाते के बजाय व्यक्तिगत क्यूआर कोड के जरिये ली गई और पब के नाम पर मिले पैसे को दूसरे रेस्टोरेंट प्रोजेक्ट में लगाया गया. पुलिस ने कहा है कि रकम के इस्तेमाल और संबंधित खातों की जांच की जा रही है.
