बिलासपुर के तीन कारोबारियों ने हैदराबाद के डियाब्लो रेस्टोरेंट और पब में 25 प्रतिशत हिस्सेदारी दिलाने के नाम पर 3 करोड़ 42 लाख 50 हजार रुपए लिए जाने की शिकायत की है. शिकायत में जयवीर सिंह सभरवाल और शेषम कौर पर रकम लेने के बाद कारोबारियों को कंपनी में पार्टनर नहीं बनाने का आरोप लगाया गया है. तारबाहर पुलिस ने दोनों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
एग्रीमेंट के बाद RTGS से रकम भेजी
लिंक रोड निवासी शिखर सराफ (38) के मुताबिक, 2022 में बिलासपुर में एक कार्यक्रम के दौरान उनकी मुलाकात शेषम कौर से हुई थी. शिकायत के अनुसार, शेषम ने हैदराबाद में प्राशी वेंचर्स एलएलपी के तहत डियाब्लो पब शुरू करने की जानकारी दी. बाद में शेषम कौर और जयवीर सिंह सभरवाल ने खुद को कंपनी का अधिकृत पार्टनर बताते हुए शिखर सराफ और उनके साथी रितेश शाह को 25 प्रतिशत हिस्सेदारी देने का प्रस्ताव दिया.
शिकायत के मुताबिक, 10 जनवरी 2025 को एग्रीमेंट हुआ. इसके बाद तीन कारोबारियों ने किस्तों में हैदराबाद स्थित कंपनी के खाते में RTGS से रकम भेजी. शिखर सराफ ने 1 करोड़ 45 लाख, रितेश शाह ने 1 करोड़ 35 लाख और रितेश के साले सक्षम श्रीवास्तव ने 62 लाख 50 हजार रुपए दिए.
हिस्सेदारी और रकम के इस्तेमाल पर सवाल
कारोबारियों का आरोप है कि भुगतान के बावजूद उन्हें कंपनी में आधिकारिक तौर पर शामिल नहीं किया गया और निवेश का हिसाब भी नहीं दिया गया. उन्हें बाद में पता चला कि कंपनी के बाकी पांच पार्टनरों की सहमति के बिना हिस्सेदारी का समझौता किया गया था.
शिकायत में यह भी कहा गया है कि पब किराया नहीं चुकाने के कारण बाद में बंद हो गया. आरोप है कि कुछ रकम निजी QR कोड के जरिए ली गई और निवेशकों से मिली राशि दूसरे रेस्टोरेंट प्रोजेक्ट में लगाई गई. पुलिस अब खातों और लेन-देन की जांच कर रही है.
