बिलासपुर में देर रात मुंगेलीनाका चौक स्थित अरोमा कैफे में आग लग गई. आग इतनी तेज थी कि कैफे का अधिकांश हिस्सा जलकर खाक हो गया. सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. घटना में किसी के हताहत होने की जानकारी सामने नहीं आई है. आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है. सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
तीन चोरी के मामलों में कार्रवाई
कोनी पुलिस ने घुटकू गांव में घरों के ताले तोड़कर चोरी की तीन घटनाओं का खुलासा करने का दावा किया है. पुलिस के मुताबिक, ये घटनाएं 18 अगस्त, 10 सितंबर और 15 सितंबर को हुई थीं. शिकायत मिलने के बाद घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की जांच की गई.
पुलिस ने राहुल यादव, भीम शंकर वर्मा और राकेश यादव को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी दी है. इनके साथ एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है. पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से करीब 4 लाख 81 हजार 488 रुपये का सामान बरामद हुआ. इसमें 1 किलो 190 ग्राम चांदी के आभूषण, 12 ग्राम सोने के आभूषण और 6,700 रुपये नकद शामिल हैं. चोरी में इस्तेमाल दो मोटरसाइकिल, एक Oppo मोबाइल फोन और लोहे का सब्बल भी जब्त किया गया है.
रेल परिचालन पर असर
पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर मंडल में राजेन्द्र पुल-दीनकर ग्राम सिमरिया स्टेशनों के बीच नए रेल पुल को दोहरीकरण परियोजना से जोड़ने और दीनकर ग्राम सिमरिया-बरौनी के बीच मुख्य लाइन कनेक्टिविटी के लिए प्री-नॉन इंटरलॉकिंग और नॉन इंटरलॉकिंग कार्य किया जाना है. इसके चलते दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से चलने या गुजरने वाली कुछ ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा.
ट्रेन संख्या 22843 बिलासपुर-बक्सर एक्सप्रेस 25 सितंबर और 2 अक्टूबर को, जबकि 22844 बक्सर-बिलासपुर एक्सप्रेस 26 सितंबर और 3 अक्टूबर को रद्द रहेगी. ट्रेन संख्या 17007, 17008, 17005 और 17006 को तय तिथियों पर किउल-मुंगेर-बरौनी या मुंगेर-किउल के वैकल्पिक मार्ग से चलाया जाएगा.
रेलवे अर्बन बैंक में 35 पद
दक्षिण पूर्व, दक्षिण पूर्व मध्य और पूर्व तटीय रेलवे एंप्लॉईज को-ऑपरेटिव क्रेडिट सोसाइटी ने ग्रुप सी श्रेणी में 35 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं. यह भर्ती शेयरधारकों, सदस्यों और बैंक कर्मचारियों के आश्रितों के लिए बताई गई है. आवेदन 17 सितंबर से शुरू हुए हैं और फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 16 नवंबर शाम 4 बजे तक निर्धारित है.
