बिलासपुर केंद्रीय जेल से आजीवन कारावास की सजा काट रहे 21 कैदियों को शुक्रवार को रिहा किया गया. रिहा होने वालों में 20 पुरुष और एक महिला कैदी शामिल हैं. इन सभी ने जेल में करीब 14 साल या उससे अधिक समय बिताया है.

जेल अधीक्षक खोमेश मंडावी के अनुसार, कैदियों के जेल में रहने के दौरान अच्छे व्यवहार और आचरण को ध्यान में रखते हुए रिहाई का फैसला लिया गया. रिहाई के बाद इन कैदियों के सामने समाज में नई शुरुआत करने और जिम्मेदार नागरिक के रूप में जीवन बिताने की चुनौती होगी.

जेल डीजी की पहल

मंडावी ने बताया कि छत्तीसगढ़ के जेल डीजी हिमांशु गुप्ता पिछले कुछ महीनों में लगातार बिलासपुर केंद्रीय जेल का दौरा कर रहे थे. इस दौरान उन्होंने कैदियों से जुड़े मामलों, उनकी मानसिक स्थिति और जेल में उनके व्यवहार को समझने पर जोर दिया.

जेल अधीक्षक के मुताबिक, डीजी हिमांशु गुप्ता ने शासन के स्तर पर ऐसे कैदियों को रिहा कर समाज की मुख्यधारा से दोबारा जोड़ने की पहल की, जिनका आचरण जेल में अच्छा रहा है. इसी पहल के तहत 21 कैदियों की रिहाई हुई.

इस कदम को जेल में बंद अन्य कैदियों के लिए भी एक उदाहरण के तौर पर देखा जा रहा है. इसका उद्देश्य यह संदेश देना है कि जेल में अनुशासन और बेहतर आचरण बनाए रखने वालों को सामान्य जीवन में लौटने का अवसर मिल सकता है.