बिलासपुर के केंद्रीय जेल परिसर में कैदियों का मोबाइल से वीडियो बनाने से रोकने पर जेल प्रहरी के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है. सिविल लाइन पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद श्रीयांश सिंह और शंभू यादव के खिलाफ अपराध दर्ज किया है. दोनों पर प्रहरी से गाली-गलौज, मारपीट और शासकीय कार्य में बाधा डालने के आरोप हैं.
शिकायत के अनुसार, केंद्रीय जेल में प्रहरी के पद पर तैनात पुरुषोत्तम सिंह पोटाम की 1 अक्टूबर को घर मुलाकाती क्षेत्र में ड्यूटी थी. इसी दौरान दोनों युवक जेल परिसर पहुंचे और मोबाइल से कैदियों का वीडियो बनाने लगे. प्रहरी ने उन्हें जेल के नियमों का हवाला देते हुए फोटो और वीडियो बनाने से मना किया. उन्होंने यह भी बताया कि जेल परिसर में मोबाइल ले जाना प्रतिबंधित है.
आरोप है कि रोकने पर दोनों युवकों ने प्रहरी से गाली-गलौज शुरू कर दी और धक्कामुक्की करते हुए मारपीट की. शिकायत में कहा गया है कि इस दौरान प्रहरी को चोटें आईं और झूमाझटकी में उनकी वर्दी का बैच भी टूट गया. प्रहरी ने आरोप लगाया कि मारपीट का उद्देश्य उनके सरकारी काम को रोकना और प्रभावित करना था.
जेल परिसर में मोबाइल पर प्रतिबंध
जेल अधीक्षक खोमेश मंडावी के अनुसार, केंद्रीय जेल परिसर में मोबाइल ले जाना प्रतिबंधित है. कैदियों से मुलाकात करने वाले परिजन भी मोबाइल साथ नहीं ले जा सकते.
अधीक्षक ने बताया कि पहले परिसर में मोबाइल ले जाने पर रोक नहीं थी. इसी दौरान कैदियों से बातचीत और जन्मदिन मनाने के वीडियो बनाए गए, जो बाद में सोशल मीडिया पर प्रसारित हुए. इन वीडियो के सामने आने के बाद जेल परिसर में मोबाइल पर प्रतिबंध लगाया गया. पुलिस ने दर्ज मामले में आरोपों की जांच शुरू कर दी है.
