बिलासपुर के पुराने बस स्टैंड क्षेत्र में छत्तीसगढ़ की पहली शटल तकनीक आधारित ऑटोमेटेड मल्टीलेवल कार पार्किंग शुरू हो गई है. 12.60 करोड़ रुपये की लागत से बनी पांच मंजिला पार्किंग का मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने लोकार्पण किया. इसमें एक साथ 80 कारें खड़ी की जा सकेंगी.

पार्किंग व्यवस्था में चालक को भूतल पर कार खड़ी कर बाहर निकलना होगा. इसके बाद एलिवेटर कार को संबंधित मंजिल तक ले जाएगा और शटल रोबो उसे उपलब्ध स्लॉट में पार्क करेगा. वाहन वापस लेने पर सिस्टम कार को निकास वे तक पहुंचाएगा.

मुख्यमंत्री ने सोमवार को बिलासपुर में करीब 120 करोड़ रुपये के 16 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया. यह कार्यक्रम लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में आयोजित हुआ. साय ने कहा कि जनजातीय समाज के विकास के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है.

उन्होंने बताया कि पीएम जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत जनजातीय बसाहटों में आवास, सड़क, बिजली, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने का काम किया जा रहा है. विशेष पिछड़ी जनजातियों के गांवों में मोबाइल मेडिकल यूनिट के जरिए स्वास्थ्य सेवाएं देने और एकलव्य विद्यालयों व छात्रावासों के माध्यम से शिक्षा के अवसर बढ़ाने की बात भी कही गई.

मुख्यमंत्री के अनुसार, ओरछा और जगरगुंडा में एजुकेशन सिटी विकसित की जा रही हैं. उन्होंने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति के बाद विकास कार्यों को गति मिली है.

जशपुर और केंद्रीय विश्वविद्यालय में कार्यक्रम

जशपुर के कुनकुरी में मुख्यमंत्री पत्नी कौशल्या साय के साथ छठ घाट पहुंचे. उन्होंने पूजा-अर्चना कर उगते सूर्य को अर्घ्य दिया और करीब 15.50 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया.

जनजातीय गौरव दिवस पर गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय परिसर में मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण किया. समारोह में शिक्षा, खेल, कला और समाजसेवा के क्षेत्र की 28 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया.