छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में वन विभाग ने चीतल के कथित अवैध शिकार के मामले में दो ग्रामीणों को गिरफ्तार किया है. कार्रवाई सीपत सर्किल के मंजूरपहरी गांव के दहाइत पारा में हुई. विभाग के अनुसार, एक घर में कड़ाही के भीतर चीतल का पका हुआ मांस मिला.
वन विभाग की टीम गांव में एक मृत चीतल के पोस्टमार्टम के सिलसिले में पहुंची थी. यह चीतल कुत्तों के हमले में मरा था और उसके आसपास ग्रामीणों की भीड़ जमा थी. इसी दौरान टीम ने ग्रामीणों से सामान्य बातचीत शुरू की. एक बच्चे ने बताया कि गांव में हिरण अक्सर आते हैं और उनके मांस की सब्जी बनाई जाती है. पूछताछ में बच्चे ने यह भी कहा कि उसी दिन उसके घर में ऐसी सब्जी बनी है.
इसके बाद वन अमला बच्चे को लेकर उसके घर पहुंचा. तलाशी के दौरान वहां कड़ाही में पका हुआ मांस बरामद किया गया. पूछताछ के आधार पर वन विभाग ने चैन सिंह गोंड और राजकुमार को गिरफ्तार किया. विभाग का कहना है कि दोनों ने चीतल के अवैध शिकार की बात स्वीकार की और बताया कि जब्त मांस पकाकर खाने की तैयारी की जा रही थी.
दोनों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है. यह कार्रवाई बिलासपुर वन परिक्षेत्र और उड़नदस्ता की संयुक्त टीम ने की. अभियान में वन परिक्षेत्र अधिकारी यशपाल वार्मा, उड़नदस्ता प्रभारी रितु साहू और अन्य वनकर्मी शामिल रहे.
वन विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि कथित तौर पर चीतल का मांस किन-किन घरों में बांटा गया था. विभाग के अनुसार, पूछताछ में गांव में पहले भी चीतल के शिकार की जानकारी सामने आई है. इस मामले में अन्य संभावित आरोपितों की भूमिका की जांच जारी है.
