बिलासपुर में छह साल में निवेश की रकम दोगुनी करने का झांसा देकर लोगों से कथित तौर पर करीब 24 लाख रुपये जमा कराने के मामले में पुलिस ने चिटफंड कंपनी के चार डायरेक्टरों को गिरफ्तार किया है. मामला सरकंडा थाना क्षेत्र से जुड़ा है. पुलिस के अनुसार, आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है.

शिकायतकर्ता सीपत निवासी तीरथ राम रात्रे ने मोपका चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत के मुताबिक, 2012-13 में ताराचंद पाटले, बसंत यादव, डेरहा प्रसाद कांत और रतन लाल कुर्रे ने अपने साथियों के साथ मिलकर प्रीवेल फूड प्रोडक्ट एंड प्रॉपर्टीज लिमिटेड नाम से कंपनी शुरू की थी. कंपनी से जुड़े लोगों ने आसपास के गांवों के निवासियों को छह साल में रकम दोगुनी होने का भरोसा दिलाया.

रात्रे और उनके परिचितों ने कथित योजना के तहत कंपनी में 24 लाख रुपये से अधिक जमा किए. पुलिस के अनुसार, सरकंडा इलाके में कंपनी का कार्यालय चलाया जाता था. निवेशकों से फॉर्म भरवाए गए और बॉन्ड पेपर दिए गए. उन्हें छह साल बाद जमा रकम लौटाने का वादा किया गया था. बाद में कार्यालय पर ताला लगा मिला और कंपनी के डायरेक्टर तथा कर्मचारी फरार हो गए.

जांच में दस्तावेज और पासबुक बरामद

शिकायत के आधार पर पुलिस ने धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की. पूछताछ के बाद पुलिस ने कुटीपारा मोपका निवासी डेरहा प्रसाद कांत (58), पामगढ़ निवासी ताराचंद पाटले (56), रतन लाल कुर्रे (55) और खरौद निवासी बसंत यादव (70) को गिरफ्तार किया. पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपियों ने मामले में अपनी भूमिका स्वीकार की.

जांच के दौरान कंपनी से जुड़े दस्तावेज, निवेशकों के बॉन्ड पेपर और पासबुक जब्त की गई हैं. पुलिस के मुताबिक, एक दर्जन से अधिक अन्य लोग भी इस मामले में शिकायत कर सकते हैं. उनकी शिकायतों को मौजूदा जांच में शामिल किया जाएगा. पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही है.