बिलासपुर जिले में रात की गश्त के दौरान कोटा पुलिस ने बिना नंबर की बाइक से जा रहे एक संदिग्ध युवक को पकड़कर चोरी की चार वारदातों का खुलासा किया है. पुलिस के अनुसार, रोकने पर युवक भागने लगा था, जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने पीछा कर घेराबंदी की. जांच में बाइक चोरी की निकली.
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में खैरझिटी की एक दुकान से 13 हजार रुपये नकद और करीब 14 हजार रुपये का सामान, भौवाकापा से बिजली का तार तथा खरगहना के गणेश पंडाल से Redmi मोबाइल चोरी करने की जानकारी सामने आई. आरोपियों ने करीब दो महीने पहले तिफरा स्थित पुलिस क्वार्टर से Hero HF Deluxe बाइक चोरी करने की बात भी कबूल की है.
पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई में चोरी की बाइक, Redmi मोबाइल, 20 मीटर बिजली का तार और 700 रुपये नकद बरामद किए गए हैं. मामले में काठाकोनी निवासी विनय खुसरो (22) और बंधवापारा निवासी सुनील यादव (26) को गिरफ्तार किया गया है.
पुलिस ने बताया कि तीसरा आरोपी विधि से संघर्षरत बालक है, जिसे नियमानुसार बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है. दोनों वयस्क आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है. पुलिस के अनुसार, पूछताछ से मिली जानकारी के आधार पर चोरी की अन्य घटनाओं की जांच जारी है.
