बिलासपुर स्थित छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) ने दीपावली के दौरान पटाखों और आतिशबाजी से होने वाली दुर्घटनाओं को देखते हुए आपात चिकित्सा व्यवस्था तैयार रखने की जानकारी दी है. अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, आकस्मिक मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराना प्राथमिकता होगी.

पटाखों से हाथ, चेहरे या शरीर के अन्य हिस्सों में जलने और विस्फोट से गंभीर चोट लगने की स्थिति में त्वचा रोग एवं सर्जरी विभाग उपचार करेगा. हाथों की उंगलियों, हथेलियों और अन्य अंगों में चोट के मामलों के लिए भी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध रखी गई है.

आंखों में चिंगारी, बारूद या पटाखे का कण जाने से कार्निया में चोट, जलन और सूजन हो सकती है. गंभीर स्थिति में दृष्टि प्रभावित होने का खतरा भी रहता है. ऐसे मामलों के लिए नेत्र रोग विभाग तैयार रहेगा. अस्पताल ने सलाह दी है कि आंख में चोट लगने पर उसे रगड़ें या दबाएं नहीं और तत्काल नेत्र विशेषज्ञ से संपर्क करें.

पटाखों के धुएं से सांस लेने में परेशानी, अस्थमा, एलर्जी और खांसी बढ़ने की स्थिति में मेडिसिन विभाग उपचार करेगा. तेज आवाज से कान में दर्द, घंटी बजने जैसी आवाज या सुनने की क्षमता प्रभावित होने पर ईएनटी विभाग सहायता देगा. फ्रैक्चर और हड्डी-जोड़ों की चोट के मामलों के लिए अस्थि रोग विभाग को भी तैयार रखा गया है.

गंभीर घायलों के लिए ऑपरेशन थिएटर, आईसीयू, जरूरी दवाइयां, जीवनरक्षक उपकरण और ब्लड उपलब्ध रखने की बात कही गई है. मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के लिए स्टाफ सहित एम्बुलेंस भी उपलब्ध रहेगी. सिम्स के अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति और चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह ने लोगों से खुले और सुरक्षित स्थान पर पटाखे जलाने, ज्वलनशील पदार्थों से दूरी रखने और बच्चों को अकेले पटाखे न जलाने की अपील की है.

आपात स्थिति में सिम्स के आपातकालीन विभाग के फोन नंबर 07752-222301 पर संपर्क किया जा सकता है.