बिलासपुर जिले में आयोजित कलेक्टर जनदर्शन में ग्रामीणों ने रोजगार, मुआवजा, मजदूरी भुगतान और दस्तावेजों से जुड़ी कई शिकायतें रखीं. कलेक्टर संजय अग्रवाल ने समस्याएं सुनने के बाद संबंधित अधिकारियों को जांच और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए.
ग्राम गोड़ाडीह के संतनु कुमार कुर्रे और अन्य ग्रामीणों ने जिंदल पावर एंड स्टील कंपनी में स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की मांग की. ग्रामीणों के अनुसार, स्थानीय लोगों को प्राथमिकता देने का आश्वासन मिलने के बावजूद बेरोजगार युवाओं को अपेक्षित रोजगार नहीं मिला. कलेक्टर ने आवेदन संबंधित अधिकारी को सौंपकर कार्रवाई के निर्देश दिए.
मस्तुरी तहसील के किसानों ने फ्लाई ऐश से खेतों और फसल को हुए नुकसान की शिकायत की. किसानों का कहना है कि जयरामनगर खैरा बस्ती क्षेत्र में चूना पत्थर की खदान में फ्लाई ऐश की पटाई के बाद उसके उचित रखरखाव का इंतजाम नहीं किया गया. बारिश के दौरान राख खेतों में बहकर पहुंच गई, जिससे धान की फसल और करीब 7-8 एकड़ जमीन प्रभावित हुई. किसानों ने मुआवजा और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की.
ग्राम इटवा के रामेश्वर यादव ने बताया कि उनकी पुश्तैनी जमीन राजस्व रिकॉर्ड में नौ लोगों के नाम दर्ज है. इस वजह से उनके नाम से एग्रीटेक नहीं हो पा रहा और वे धान नहीं बेच पा रहे हैं. कलेक्टर ने तहसीलदार मस्तुरी को मामले की जांच के निर्देश दिए.
देवरीकला के ग्रामीणों ने वर्ष 2025-26 में नाली निर्माण की मजदूरी के भुगतान में गड़बड़ी का आरोप लगाया. उनका कहना है कि भुगतान सरपंच और परिचितों के नाम पर किया गया. इस मामले में जिला पंचायत सीईओ को जांच के निर्देश दिए गए.
इसके अलावा, बारिश में मकान गिरने के बाद आर्थिक सहायता, विवाह और मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने में देरी तथा सर्वेयर के 18,730 रुपये के लंबित भुगतान की शिकायतें भी सामने आईं.
