बिलासपुर में महिला थाना स्थित परिवार परामर्श केंद्र के काउंसलिंग रजिस्टर में कथित हेरफेर के मामले में सिविल लाइन पुलिस ने FIR दर्ज की है. यह कार्रवाई कोर्ट के आदेश के बाद हुई. मामले में स्मृति नगर, भिलाई निवासी सुधांशु मिश्रा (34) की पत्नी रितु मिश्रा (33) और परिवार परामर्श केंद्र की काउंसलर आशा सिंह को आरोपी बनाया गया है. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.

शिकायतकर्ता सुधांशु मिश्रा का आरोप है कि उनकी पत्नी ने महिला थाना स्थित परिवार परामर्श केंद्र में शिकायत की थी. उनके मुताबिक, 12 जून 2023 को हुई आखिरी काउंसलिंग के दौरान रजिस्टर में पत्नी की ओर से लिखा गया था कि आवेदिका केस को महिला थाना से खारिज करवाना चाहती है. शिकायत के अनुसार, इस प्रविष्टि के नीचे पत्नी, पति और काउंसलर के हस्ताक्षर भी थे.

सुधांशु का कहना है कि उन्होंने बाद में काउंसलिंग की प्रमाणित प्रति हासिल की और उन्हें लगा कि मामला समाप्त हो गया है. हालांकि, कुछ समय बाद उनकी पत्नी ने सरकंडा थाने में उनके और परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कराया. इस मामले में बाद में चार्जशीट भी पेश की गई.

रजिस्टर की पुरानी प्रविष्टि बदलने का आरोप

शिकायतकर्ता के अनुसार, दस्तावेजों की जांच के दौरान उन्हें पता चला कि रजिस्टर में पहले लिखी गई पंक्ति के ऊपर बाद में ‘आवेदिका कार्यवाही चाहती है’ लिखा गया. उनका आरोप है कि यह बदलाव उनकी जानकारी और गैरमौजूदगी में किया गया तथा बदली हुई प्रविष्टि का इस्तेमाल पुलिस कार्रवाई के लिए हुआ.

सुधांशु के मुताबिक, उन्होंने पहले IG, SP और महिला थाना में शिकायत की थी, लेकिन FIR दर्ज नहीं हुई. इसके बाद उन्होंने न्यायालय का रुख किया. कोर्ट के आदेश पर सिविल लाइन पुलिस ने अपराध दर्ज किया है. पुलिस काउंसलिंग रजिस्टर, पुराने रिकॉर्ड और अन्य संबंधित दस्तावेजों की जांच कर रही है.

रजिस्टर में कथित बदलाव कब, किसने और किस उद्देश्य से किया, यह जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगा. अभी आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और मामले में पुलिस जांच जारी है.