बिलासपुर में चक्रवाती तूफान अर्णब के प्रभाव से मौसम का मिजाज बदल गया है. बुधवार सुबह से शहर में घने बादल छाए रहे और दिनभर रुक-रुककर बारिश होती रही. बारिश के साथ ठंडी हवाएं चलने से तापमान में भी बदलाव महसूस किया गया. खराब मौसम की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने गुरुवार को स्कूलों में अवकाश घोषित किया है.
उत्तर छत्तीसगढ़ के लिए मौसम चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवाती तूफान अर्णब आंध्र प्रदेश के तटों को पार कर चुका है. इसके अगले 48 घंटे में उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने और कमजोर होने की संभावना है. 29 अक्टूबर को उत्तर छत्तीसगढ़ में एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश, गरज-चमक, आकाशीय बिजली और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है.
प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मध्यम बारिश का अनुमान है. बिलासपुर के लिए जारी चेतावनी में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की सतही हवा चलने की संभावना बताई गई है. बलरामपुर, गरियाबंद, जशपुर, कोंडागांव, महासमुंद और सारंगढ़-बिलाईगढ़ में भी मध्यम बारिश और तेज हवाओं की आशंका जताई गई है.
नगर निगम, बिजली, स्वास्थ्य, रेलवे और राहत-बचाव दलों को सतर्क रखा गया है. प्रशासन ने लोगों से तेज हवा के दौरान टूटे बिजली तारों, पेड़ों और कमजोर दीवारों से दूर रहने की अपील की है. जलभराव वाले रास्तों और उफनते नालों के पास जाने से बचने को कहा गया है.
लोगों को मोबाइल और पावर बैंक चार्ज रखने, टॉर्च, जरूरी दवाइयां, पीने का पानी और सूखा खाद्य पदार्थ तैयार रखने की सलाह दी गई है. छतों पर रखे गमले, टीन और अन्य हल्की वस्तुओं को सुरक्षित जगह रखने को कहा गया है. अभिभावक बच्चों को घर में सुरक्षित रखें और स्कूल खुलने से जुड़ी जानकारी आधिकारिक सूचना से लें. रेलवे यात्रियों को रवाना होने से पहले ट्रेन की स्थिति जांचने की सलाह दी गई है.
