बिलासपुर के दयालबंद क्षेत्र में दुर्गा पंडाल के पास पुरानी रंजिश को लेकर विवाद मारपीट में बदल गया. शिकायत के मुताबिक, चार युवकों ने गाली-गलौज के बाद हाथ-मुक्के, डंडे और बेल्ट से हमला किया. घटना में कई लोगों के घायल होने की बात कही गई है.
शिकायतकर्ता सत्येश गोले के अनुसार, रात करीब 11 बजे वह महेश गोले, निखिल पानीकर और यश गोले के साथ दुर्गा पंडाल में खड़े थे. इसी दौरान नवीन गोले उर्फ लक्की, आशीष पानीकर, प्रिंस सोनकर और प्रियांशु गोले उर्फ साइन वहां पहुंचे. आरोप है कि पुरानी बात को लेकर विवाद के बाद उन्होंने मारपीट शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी दी.
शिकायत में सत्येश के सीने, पीठ और गले में चोट लगने की बात कही गई है. निखिल के सिर और महेश के सीने, हाथ, पैर व कंधे में चोट बताई गई है. शोर सुनकर पहुंचे संतोषी गोले, सरोज गोले, आराधना गोले, कृष्ण कुमार गोले और मोहन गोले के साथ भी गाली-गलौज व धक्का-मुक्की का आरोप है.
शिकायत के अनुसार, बचने के लिए सत्येश और महेश घर के अंदर गए, लेकिन आरोपी वहां भी पहुंच गए और दोनों के साथ मारपीट की. सिटी कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है.
