बिलासपुर से दिल्ली, मुंबई और हावड़ा जाने वाले रेल यात्रियों को त्योहारी सीजन में आरक्षण की भारी कमी का सामना करना पड़ रहा है. 14 नवंबर से अगले सात दिनों के लिए कई प्रमुख ट्रेनों में अलग-अलग श्रेणियों में ‘नो रूम’ की स्थिति है. कुछ ट्रेनों में प्रतीक्षा सूची का टिकट भी नहीं मिल रहा है.
दीपावली के बाद कामकाज पर लौटने वाले यात्रियों और छठ पर्व के लिए बिहार-झारखंड जाने वालों की भीड़ से लंबी दूरी की ट्रेनों पर दबाव बढ़ा है. स्लीपर, एसी-3 और एसी-2 सहित कई श्रेणियों में मांग के मुकाबले बर्थ कम पड़ रही हैं. रेलवे ने अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए कुछ रूट पर स्पेशल ट्रेनें चलाई हैं, लेकिन उनमें भी कन्फर्म बर्थ की उपलब्धता सीमित बताई गई है.
प्रमुख ट्रेनों में आरक्षण की स्थिति
दुर्ग-निजामुद्दीन संपर्कक्रांति एक्सप्रेस में 14 नवंबर को स्लीपर में 128 और एसी-2 में 12 वेटिंग बताई गई, जबकि इकॉनमी और एसी-3 में नो रूम था. 16 नवंबर को स्लीपर में 78 और एसी-3 में 70 वेटिंग थी, जबकि एसी-2 में नो रूम दर्ज हुआ.
पुरी-योगनगरी ऋषिकेश उत्कल एक्सप्रेस में 14 और 15 नवंबर को स्लीपर, इकॉनमी तथा एसी-3 में नो रूम रहा. 17 नवंबर को सभी श्रेणियों में आरक्षण उपलब्ध नहीं था.
हटिया-एलटीटी मुंबई एक्सप्रेस में 14 नवंबर को स्लीपर में 51, एसी-3 में 18 और एसी-2 में 12 वेटिंग थी. हावड़ा-मुंबई मेल में 14 से 17 नवंबर तक स्लीपर और एसी-3 में नो रूम बताया गया. मुंबई-हावड़ा गीतांजलि एक्सप्रेस में 14 नवंबर को सभी श्रेणियों में नो रूम रहा.
इस स्थिति के कारण नौकरी, कारोबार या अन्य जरूरी काम से यात्रा करने वाले यात्रियों को यात्रा टालने या वैकल्पिक साधन तलाशने की मजबूरी हो सकती है.
