बिलासपुर में स्कूलों, कॉलेजों, सामुदायिक भवनों और वार्डों की सुविधाएं बेहतर करने के लिए राज्य सरकार ने 5.36 करोड़ रुपए मंजूर किए हैं. स्वीकृत राशि से नए कमरे, हॉल, शेड, टॉयलेट, चेंजिंग रूम, फर्नीचर, सांस्कृतिक मंच और बाउंड्रीवॉल से जुड़े काम कराए जाएंगे. कई पुराने भवनों की मरम्मत और जीर्णोद्धार भी प्रस्तावित है.
बिलासा कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में टॉयलेट और चेंजिंग रूम बनाए जाएंगे. सरकंडा स्थित पंडित रामदुलारे दुबे स्कूल में हॉल का निर्माण होगा. पंडित देवकीनंदन स्कूल में अतिरिक्त कमरा और शौचालय बनाए जाएंगे, जबकि स्वामी आत्मानंद कॉलेज में फर्नीचर उपलब्ध कराया जाएगा. राजेंद्र नगर स्कूल में तीन अतिरिक्त कमरों का निर्माण किया जाएगा.
वार्डों में सामुदायिक सुविधाओं का विस्तार
शहर के कई इलाकों में सामुदायिक भवन, हॉल, शेड और सांस्कृतिक मंच बनाए जाने हैं. इनमें कल्पना विहार, नेहरू नगर-महावीर नगर, ग्रीन गार्डन कॉलोनी, कुदुदंड, गोंड़पारा, पंचशील बुद्ध विहार, साईं धाम तोरवा, लंबोदर नगर, अशोक नगर, अरविंद नगर-जोरापारा और लोधीपारा शामिल हैं. इन क्षेत्रों में पुराने भवनों की मरम्मत और जीर्णोद्धार के काम भी किए जाएंगे.
30 सरकारी संस्थानों में वाटर कूलर
पेयजल सुविधा बढ़ाने के लिए 30 सरकारी संस्थानों में 30 लाख रुपए की लागत से वाटर कूलर लगाए जाएंगे. प्रत्येक संस्थान पर एक लाख रुपए खर्च किए जाने हैं. सीएमडी कॉलेज, डीपी विप्र महाविद्यालय, शासकीय जमुना प्रसाद वर्मा पीजी कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय, बिलासा कन्या पीजी कॉलेज, शासकीय आयुर्वेद कॉलेज एवं अस्पताल, सिम्स, जिला अस्पताल और जिला न्यायालय परिसर भी सूची में शामिल हैं.
जरहाभाठा, राजेंद्र नगर, शंकर नगर, बंधवापारा, सरकंडा, तोरवा, जूना बिलासपुर, कुदुदंड और सिंधी कॉलोनी समेत कई क्षेत्रों के सरकारी स्कूलों में भी वाटर कूलर लगाए जाएंगे. विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि शहर की जरूरी सुविधाओं को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकता है और इन कार्यों से छात्रों व आम लोगों को लाभ मिलेगा.
