छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के देवनगर में कब्रिस्तान के पास झाड़फूंक और आयुर्वेदिक दवा देने वाले शिवराम साहू के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. घटना में शिवराम के सिर पर गंभीर चोटें आईं और उनके हाथ की हड्डी टूट गई. पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
पुलिस के अनुसार, घटना 31 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे की है. शिवराम के बेटे संस्कार ने शिकायत में बताया कि गांव का चंदू भार्गव शिवराम को अपने साथ कब्रिस्तान लेकर गया था. वहां चंदू, भागवत, दद्दू और रवि के साथ शिवराम के बैठने की बात सामने आई है. पुलिस के मुताबिक, वहां शराब पीने के बाद रवि चला गया.
कुछ देर बाद राजा यादव, उमेश ठाकुर और रवि के वहां पहुंचने पर विवाद हुआ. आरोप है कि ग्रामीणों ने शिवराम और उनके साथियों पर तांत्रिक क्रिया करने का संदेह जताते हुए मारपीट शुरू कर दी. मारपीट के दौरान शिवराम के साथी मौके से भाग गए.
घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ, जिसमें कुछ लोग एक व्यक्ति और उसके साथी के साथ मारपीट तथा गाली-गलौज करते दिख रहे हैं. वीडियो सामने आने के बाद कोनी पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाई और घायल के स्वजन से पूछताछ की.
कोनी थाना प्रभारी जितेंद्र गुप्ता के मुताबिक, संस्कार की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस आरोपितों और घटना से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है. मामले में आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी.
