बिलासपुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने सकरी और आसपास के इलाकों में होटल-ढाबों की जांच की. पुलिस के मुताबिक, इस दौरान दो ढाबों से अवैध शराब जब्त की गई और तीन अन्य स्थानों पर लोगों को शराब पिलाने की सुविधा देने के आरोप में कार्रवाई की गई. सभी मामलों में आबकारी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है.
दो ढाबों से शराब जब्त
पुलिस के अनुसार, पेंडारी स्थित मम्मी द ढाबा से नवीन श्रीवास (31), निवासी बन्नाक चौक, सिरगिट्टी को पकड़ा गया. उसके पास से मैकडॉवल नंबर वन की पांच बोतल, सिग्नेचर की तीन बोतल और रॉयल चैलेंज की एक बोतल अंग्रेजी शराब बरामद होने की बात कही गई है.
भरनी के हॉलिडे इन ढाबा से श्याम कुमार जायसवाल (45) को 32 पाव देशी शराब के साथ पकड़े जाने की जानकारी पुलिस ने दी. दोनों मामलों में आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है.
तीन स्थानों पर पिलाने की सुविधा का आरोप
पुलिस ने भरनी स्थित बावर्ची ग्रीन रेस्टोरेंट से अजय यादव और देशी ठाठ ढाबा के पास से संतोष सिंह को शराब पिलाने की सुविधा देने के आरोप में पकड़ा. सकरी तालाब पार के पास से अशोक कुमार गोड़ पर भी इसी तरह की व्यवस्था करने का आरोप है.
पुलिस के मुताबिक, इन तीनों के पास शराब पिलाने के लिए वैध लाइसेंस या दस्तावेज नहीं थे. मौके से शराब की बोतलें, गिलास, मिक्चर और पानी के पाउच समेत अन्य सामान जब्त किया गया. तीनों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 36(ग) के तहत कार्रवाई की गई है.
एसएसपी रजनेश सिंह ने अधिकारियों और थाना प्रभारियों को नशे के कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी से विवाद और सड़क हादसों का जोखिम बढ़ सकता है.
