बिलासपुर जिले में 15 नवंबर से सभी 154 धान खरीदी केंद्रों पर खरीदी शुरू होगी. प्रशासन ने इस सीजन में छोटे किसानों को प्राथमिकता देने की तैयारी की है. धान की खरीदी ₹3,100 प्रति क्विंटल की दर से होगी और प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल की सीमा तय है.
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने तैयारियों की समीक्षा करते हुए नोडल अधिकारियों से 36 बिंदुओं पर रिपोर्ट मांगी है. अधिकारियों को 15 नवंबर से पहले रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं. किसानों की सुविधा के लिए जिले में 14 नए खरीदी केंद्र खोले गए हैं.
टोकन व्यवस्था में 70 प्रतिशत टोकन ‘तुहर टोकन’ ऐप के माध्यम से और 30 प्रतिशत टोकन समिति स्तर पर जारी किए जाएंगे. प्रशासन ने पिछले साल धान बेचने वाले, लेकिन इस वर्ष अब तक पंजीयन नहीं कराने वाले किसानों से संपर्क कर उनका पंजीयन कराने के निर्देश भी दिए हैं.
बाहरी धान रोकने के लिए जांच
बाहरी धान की आवक रोकने के लिए मंडी और वन विभाग के बैरियर सक्रिय कर दिए गए हैं. इन स्थानों पर वाहनों और उनमें लदे सामान की जांच की जा रही है. प्रशासन ने किसानों से अपनी ऋण पुस्तिका किसी अन्य व्यक्ति को न देने की अपील की है, ताकि उसका गलत इस्तेमाल रोका जा सके.
खरीदी केंद्रों पर बारदाने पहुंच चुके हैं. इनमें 50 प्रतिशत नए और 50 प्रतिशत पुराने बारदाने हैं. बारिश की आशंका को देखते हुए केंद्रों पर पर्याप्त तिरपाल रखने के निर्देश दिए गए हैं. बैठक में सीएम हेल्पलाइन, पीएम सूर्यघर योजना, पारस पोर्टल, जनगणना कार्य और छात्रावास निरीक्षण की भी समीक्षा हुई.
