बिलासपुर. छत्तीसगढ़ की बिजली पारेषण व्यवस्था को मजबूत करने वाली 400 केवी धरदेई-बिलासपुर पूल पारेषण लाइन को गुरुवार दोपहर चालू कर दिया गया. 286 करोड़ रुपये की लागत से बनी इस परियोजना की लंबाई 50.7 किलोमीटर है.
नई लाइन के शुरू होने से बिलासपुर सहित मुंगेली, बेमेतरा, कवर्धा, रायपुर और भाटापारा-बलौदाबाजार क्षेत्र को लाभ मिलने की उम्मीद है. इससे इन क्षेत्रों में अधिक विद्युत शक्ति का पारेषण किया जा सकेगा और आने वाले वर्षों में बढ़ती बिजली मांग को पूरा करने के लिए अतिरिक्त क्षमता उपलब्ध होगी.
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड (सीएसपीटीसीएल) के अनुसार, लाइन को गुरुवार दोपहर 12:34 बजे चार्ज किया गया. इस दौरान कंपनी के प्रबंध निदेशक इंजीनियर आरके शुक्ला, कार्यपालक निदेशक इंजीनियर संजय पटेल, कल्पना घाटे, इंजीनियर एके अम्बस्थ और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.
तकनीकी चुनौतियों के बीच पूरा हुआ निर्माण
यह 400 केवी डीसीडीएस क्वाड मूस लाइन परियोजना कई तकनीकी और व्यावहारिक चुनौतियों के बीच पूरी की गई. निर्माण के दौरान चार स्थानों पर दूसरी विद्युत लाइनों की क्रॉसिंग का काम हॉटलाइन पद्धति से किया गया.
एक रेलवे क्रॉसिंग पर भी बिना पावर ब्लॉक लिए हॉटलाइन स्ट्रिंगिंग पद्धति का इस्तेमाल किया गया. इससे रेलवे परिचालन और बिजली आपूर्ति बाधित किए बिना काम पूरा करना संभव हुआ. परियोजना के दौरान राइट ऑफ वे से जुड़ी समस्याएं भी सामने आईं, जिन्हें अधिकारियों और कर्मचारियों के समन्वय से दूर किया गया.
सीएसपीटीसीएल ने लाइन के चालू होने को कंपनी की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है. कंपनी के अनुसार, इससे मौजूदा पारेषण व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और संबंधित क्षेत्रों की भविष्य की बिजली जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी.
