बिलासपुर में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बर्खास्त GRP आरक्षक लक्ष्मण गाईन के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में विशेष न्यायालय में अभियोग पत्र पेश किया है. ACB की विवेचना के अनुसार, आरोपी के पास ज्ञात आय के स्रोतों की तुलना में 1 करोड़ 3 लाख 33 हजार 33 रुपये 50 पैसे की अधिक संपत्ति पाई गई है.

जांच में लक्ष्मण गाईन की कुल आय 86 लाख 76 हजार 270 रुपये और इसी अवधि में कुल खर्च 1 करोड़ 90 लाख 9 हजार 303 रुपये 50 पैसे दर्ज किया गया. ACB के मुताबिक, आय और खर्च के विश्लेषण में 1 करोड़ 3 लाख 33 हजार 33 रुपये 50 पैसे का अंतर सामने आया.

दिसंबर 2024 में हुई थी छापेमारी

आय से अधिक संपत्ति की जानकारी मिलने के बाद आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 58/2024 दर्ज किया गया था. मामला भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की संशोधित धारा 13(1)(बी) और 13(2) के तहत दर्ज किया गया. विवेचना के दौरान 1 दिसंबर 2024 को ACB ने बिलासपुर स्थित आरोपी के निवास समेत अन्य ठिकानों पर छापेमारी की थी.

ACB का कहना है कि जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद विशेष न्यायाधीश, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, बिलासपुर के न्यायालय में अभियोग पत्र पेश किया गया है. अब इस मामले में न्यायालयीन प्रक्रिया आगे बढ़ेगी.

लक्ष्मण गाईन के खिलाफ गांजा तस्करी से जुड़ा एक अलग मामला भी दर्ज है. आरोप है कि GRP बिलासपुर में तैनाती के दौरान जब्त गांजा अपने पास रखने और कार्रवाई नहीं करने के बदले पैसे लेने का मामला सामने आया था. इस प्रकरण में NDPS Act की धाराओं 20(बी) और 29 के तहत अपराध दर्ज किया गया था. संबंधित आरोपों के चलते पुलिस अधीक्षक रेल, छत्तीसगढ़ ने 19 नवंबर 2024 को उन्हें सेवा से पृथक कर दिया था. स्रोत के अनुसार, वह इस मामले में बिलासपुर जेल में निरुद्ध हैं.