बिलासपुर के तिलक नगर से विस्थापित हुए सैकड़ों परिवार आवास की मांग को लेकर विधायक अमर अग्रवाल के बंगले पहुंचे. प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं. परिवारों ने शहर के भीतर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर देने की मांग रखी.

प्रभावित परिवारों के अनुसार, अरपा किनारे बसे 300 से अधिक घरों को हटाकर उन्हें इमलीभाठा में शिफ्ट किया गया था. उनका आरोप है कि मकान तोड़े जाने के दौरान तिलक नगर में ही प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत नए घर देने का भरोसा दिया गया था. अब उस स्थान पर ऑक्सीजोन बनाने की तैयारी की जा रही है.

परिवारों ने इमलीभाठा में बुनियादी सुविधाओं की कमी का आरोप लगाया. उनका कहना है कि पेयजल आपूर्ति में अक्सर दिक्कत होती है और मकानों की छत व दीवारों का प्लास्टर गिरता रहता है. आसपास नशाखोरी के माहौल का दावा करते हुए उन्होंने बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई.

परिवारों ने ऐसी जगह आवास देने की मांग की, जहां बच्चों की पढ़ाई, रोजगार और रोजमर्रा की जरूरतें प्रभावित न हों. अमर अग्रवाल ने मांग को जायज बताते हुए अधिकारियों से चर्चा का आश्वासन दिया. उन्होंने तिलक नगर, कुदुदंड या आसपास उपयुक्त जगह चिन्हित कराने की बात कही. विधायक के अनुसार, बिलासपुर में 2,400 प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत हुए हैं. अब प्रभावित परिवार प्रशासन की ओर से जगह चिन्हित किए जाने का इंतजार कर रहे हैं.