छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने बिलासपुर जिला अस्पताल की बदहाल व्यवस्थाओं पर नाराजगी जताई है. जनहित याचिका की सुनवाई के दौरान कोर्ट कमिश्नर पलाश तिवारी की निरीक्षण रिपोर्ट अदालत के सामने रखी गई. रिपोर्ट में अस्पताल की बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी कई कमियां दर्ज की गई हैं.

चीफ जस्टिस कृष्ण राम महापात्र की अध्यक्षता वाली डिवीजन बेंच ने शासन से पूछा कि इन व्यवस्थाओं को कब तक सुधारा जाएगा. कोर्ट ने यह भी जानना चाहा कि कमियों को दूर करने के लिए कौन से ठोस कदम उठाए जा रहे हैं.

रिपोर्ट के अनुसार, पुराने अस्पताल भवन और मातृ-शिशु अस्पताल की दीवारों में सीपेज मिला. आपातकालीन वार्ड के पीछे पानी भरा था और वहां इस्तेमाल की गई सीरिंज का कचरा भी पड़ा मिला. निरीक्षण के दौरान अधिकांश एसी और एग्जास्ट फैन बंद या खराब पाए गए.

मरीजों के स्वजन के लिए बर्तन धोने या हाथ-मुंह साफ करने की अलग व्यवस्था नहीं थी. रिपोर्ट में कहा गया कि इसके कारण उन्हें शौचालय का इस्तेमाल करना पड़ रहा था. शौचालयों में गंदगी और दुर्गंध की स्थिति भी दर्ज की गई.

मातृ-शिशु अस्पताल में एनेस्थीसिया विशेषज्ञों के दो पद रिक्त मिले. दिव्यांग मरीजों के लिए पर्याप्त रैंप या ढलान की सुविधा भी नहीं मिली. एंबुलेंस मार्ग और पिछले गेट के सामने डॉक्टरों व स्टाफ की गाड़ियां खड़ी होने से रास्ता बाधित था. इसके बाद सुरक्षा गार्ड और बैरिकेडिंग या रस्सी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए.

रिपोर्ट में जिला अस्पताल की लैब में आवश्यक रीएजेंट और उपकरण उपलब्ध होने तथा एचएलएल कंपनी के साथ टाई-अप के बाद नई मशीनें लगाए जाने की जानकारी भी दी गई है. इसी जनहित याचिका में तखतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के स्थानांतरण का मुद्दा भी उठा. अदालत ने प्रस्तावित नई जगह पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होने के आधार पर फिलहाल स्थानांतरण पर आपत्ति स्वीकार नहीं की.