बिलासपुर में दीपावली के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और जाम को देखते हुए यातायात पुलिस ने रूट प्लान तैयार किया है. सदर बाजार, गोल बाजार, हटरी चौक, शनिचरी बाजार और तेलीपारा रोड पर भीड़ बढ़ने की स्थिति में वन-वे व्यवस्था लागू की जाएगी या वाहनों का रूट डायवर्ट किया जाएगा.
यातायात पुलिस ने गांधी चौक, पुराना बस स्टैंड, वाल्मीकि चौक, सिम्स तिराहा, रामसेतु चौक और हैप्पी स्ट्रीट को संभावित डायवर्जन पॉइंट के रूप में चिह्नित किया है. प्रमुख चौक-चौराहों, बाजार क्षेत्रों, बीट पॉइंट और हाईवे पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा. व्यवस्था की निगरानी के लिए क्रेन से पेट्रोलिंग भी की जाएगी.
यह प्लान एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर तैयार किया गया है. एएसपी ट्रैफिक रामगोपाल करियारे ने कोतवाली टीआई के साथ बाजारों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान सदर बाजार और गोल बाजार के पास सड़क पर खड़े छह से अधिक वाहनों के चालान किए गए.
पार्किंग और दुकानदारों के लिए निर्देश
बाजार आने वाले लोगों के वाहनों के लिए यातायात पुलिस ने आठ पार्किंग स्थल तय किए हैं. उपलब्ध जानकारी के अनुसार इनमें कोतवाली चौक की मल्टीलेवल पार्किंग, लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान और लखीराम ऑडिटोरियम की बेसमेंट व ओपन पार्किंग शामिल हैं. लोगों से वाहन केवल निर्धारित स्थानों पर खड़े करने की अपील की गई है.
एएसपी ट्रैफिक ने निजी वाहनों, खासकर चारपहिया वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की सलाह दी है. दुकानदारों, फुटकर व्यापारियों, ठेला-गुमटी संचालकों और फेरीवालों को सड़क पर सामान नहीं फैलाने के निर्देश दिए गए हैं. ग्राहकों के वाहन सड़क पर खड़े कराने या अतिक्रमण करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है. प्रमुख सड़कों पर पटाखे जलाने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी.
