बिलासपुर जिले के बिल्हा विकासखंड के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए जिला प्रशासन ने डीएमएफ फंड से 250 से अधिक अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति की है. यह व्यवस्था प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक, हाई स्कूल, हायर सेकेंडरी और सेजेस स्कूलों में लागू की गई है.

जिला शिक्षा कार्यालय के अनुसार, प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक स्तर के 93 शिक्षकों को प्रति कालखंड 75 रुपये मानदेय दिया जाएगा. हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्तर पर 157 शिक्षकों के लिए प्रति कालखंड 100 रुपये मानदेय तय किया गया है. नियुक्तियां रिक्त पदों के कारण प्रभावित हो रही पढ़ाई को सुचारू रखने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर की गई हैं.

कलेक्टर संजय अग्रवाल की मंजूरी के बाद संबंधित प्राचार्यों और प्रधान पाठकों को चयनित अभ्यर्थियों से तत्काल अध्यापन कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए गए हैं. संस्था प्रमुखों को हर महीने अतिथि शिक्षकों की उपस्थिति पंजी के आधार पर गणना पत्रक जिला शिक्षा कार्यालय में जमा करना होगा. इसी आधार पर डीएमएफ फंड से मानदेय का भुगतान किया जाएगा.

बिल्हा विकासखंड के सरधा, पासीद, लखराम, सरकंडा, हरदीकला, मोपका, मंजूरपहरी, सिंघरी, मुरकुटा, धौराभाटा, सरवानी और तिफरा समेत विभिन्न संकुलों के विद्यालयों में अतिथि शिक्षकों की पदस्थापना की गई है.

बिल्हा के बीईओ भूपेंद्र कौशिक ने कहा कि रिक्त पदों के बावजूद शिक्षा की गुणवत्ता बनाए रखने और पढ़ाई जारी रखने के लिए यह व्यवस्था की गई है. उन्होंने संबंधित प्राचार्यों को नियमित अध्यापन और उपस्थिति पंजी समय पर भेजने के निर्देश दिए हैं.