बिलासपुर जिले के सरकंडा थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के बाद एक महिला से मारपीट का मामला सामने आया है. शिकायत के अनुसार, ग्राम चिल्हाटी नालापारा में पति आदित्य रात्रे ने अपनी पत्नी सायनी रात्रे के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की और उसे जमीन पर पटक दिया. घायल महिला का सिम्स अस्पताल, बिलासपुर में उपचार चल रहा है.

महिला की मां सतरुपा डहरिया की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है. शिकायत के मुताबिक, सायनी की शादी चिल्हाटी नालापारा निवासी आदित्य रात्रे से हुई है. सतरुपा का आरोप है कि शादी के बाद से ही घरेलू बातों को लेकर दोनों के बीच विवाद होता था और आदित्य उनकी बेटी के साथ मारपीट करता था. परिवार के लोगों ने विवाद खत्म कराने की कोशिश की, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ.

शिकायत में बताया गया है कि बुधवार सुबह करीब सात बजे फिर विवाद हुआ. आरोप है कि इसी दौरान आदित्य ने सायनी को पीटा, जिससे उसकी कमर, दोनों हाथ, चेहरे और गले में चोटें आईं. घटना की जानकारी मिलने पर सतरुपा परिवार के अन्य सदस्यों के साथ बेटी के घर पहुंचीं.

परिजनों के अनुसार, घटना के बारे में पूछताछ करने पर वहां भी विवाद हुआ. इसके बाद सतरुपा घायल सायनी को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल लेकर पहुंचीं और पुलिस से कार्रवाई की मांग की. आरोपों की जांच पुलिस कर रही है.