बिलासपुर के सरकंडा क्षेत्र में दो युवकों की हत्या के मामले में हाईकोर्ट ने तीन आरोपियों की जमानत याचिकाएं खारिज कर दी हैं. जस्टिस सुधीर कुमार की सिंगल बेंच ने अजय उर्फ कल्लू कोशले, राममोहन बंजारे उर्फ भुरू और गौतम उर्फ गोपाल सारथी की अर्जियों पर एक साथ सुनवाई की.
अभियोजन के अनुसार, 23 अगस्त 2023 की रात सरकंडा थाना क्षेत्र में राजेश रावत और देवा नेताम पर धारदार हथियार से हमला किया गया था. दोनों घायल युवकों की उपचार के दौरान मौत हो गई. इस मामले में आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धाराओं 147, 148, 149 और 302 के अलावा आयुध अधिनियम की धाराओं 25 और 27 के तहत आरोप लगाए गए हैं.
बचाव पक्ष की ओर से दलील दी गई कि आरोपियों को झूठा फंसाया गया है. अधिवक्ताओं ने अदालत को बताया कि आरोप पत्र दाखिल हो चुका है और आरोपी 24 अगस्त 2023 से जेल में हैं. मामले में कुल 26 गवाह हैं, जिनमें से 13 की गवाही हो चुकी है. बचाव पक्ष ने यह भी कहा कि कुछ गवाहों ने अभियोजन के समर्थन में बयान नहीं दिया और मुकदमे की सुनवाई पूरी होने में समय लग सकता है.
राज्य ने जमानत का विरोध करते हुए कहा कि आरोपियों ने मिलकर दोनों युवकों की हत्या की. अभियोजन के मुताबिक, सह-आरोपी के कथन के आधार पर घटना में इस्तेमाल चाकू बरामद किया गया. राज्य ने यह भी बताया कि अजय के खिलाफ तीन और गौतम के खिलाफ छह अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं. गौतम की पहले की जमानत याचिका भी हाईकोर्ट खारिज कर चुका है.
हाईकोर्ट ने कहा कि जमानत पर विचार करते समय गवाहों के बयानों की विश्वसनीयता का विस्तृत परीक्षण नहीं किया जा सकता. अदालत ने 13 गवाहों की गवाही बाकी होने, हथियार बरामदगी समेत अन्य साक्ष्यों और आरोपियों की आपराधिक पृष्ठभूमि को ध्यान में रखते हुए तीनों को जमानत देने से इनकार कर दिया.
