बिलासपुर में डीपीएस के 2009 से 2020 बैच तक के 250 से अधिक पूर्व विद्यार्थी एलुमिनाई रीयूनियन में शामिल हुए. वर्षों बाद सहपाठियों और शिक्षकों के साथ मिले पूर्व विद्यार्थियों ने स्कूल से जुड़ी यादें साझा कीं और शिक्षकों का सम्मान किया. आयोजन के दौरान एलुमिनाई नेटवर्क शुरू करने की घोषणा भी की गई.
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रवीण शुक्ला और विशिष्ट अतिथि व स्कूल के प्राचार्य जसपाल मठारू मौजूद रहे. पूर्व विद्यार्थियों, डीपीएस परिवार, हिमांशु द्विवेदी और सात्विक सिन्धु ने भी अपने विचार रखे. वक्ताओं ने विद्यार्थियों के जीवन में विद्यालय, संस्कार और मित्रता की भूमिका पर चर्चा की. पूर्व विद्यार्थियों ने उन शिक्षकों के प्रति आभार जताया, जिन्होंने उनके जीवन को दिशा देने में योगदान दिया.
करियर मार्गदर्शन और आपसी सहयोग का मंच
कार्यक्रम में बताया गया कि पढ़ाई और करियर के लिए कई विद्यार्थी अलग-अलग शहरों और देशों में चले जाते हैं. ऐसे में एलुमिनाई रीयूनियन स्कूल से जुड़े रिश्तों, संस्कारों और पहचान को बनाए रखने का माध्यम बन सकता है.
आयोजकों के अनुसार, नेटवर्क के जरिए वरिष्ठ पूर्व विद्यार्थी नए स्नातकों और मौजूदा विद्यार्थियों को करियर चयन से जुड़ी सलाह दे सकेंगे. इसके अलावा सदस्य अपने अनुभव साझा करने, व्यवसाय और सामाजिक कार्यों में सहयोग करने तथा स्कूल के विकास में योगदान देने के लिए एक-दूसरे से जुड़े रहेंगे. शिक्षकों को भी अपने पूर्व विद्यार्थियों की वर्तमान उपलब्धियों और कामकाजी क्षेत्र के बारे में जानने का अवसर मिलेगा.
बताया गया कि स्कूल के कई पूर्व विद्यार्थी डॉक्टर, इंजीनियर, चार्टर्ड अकाउंटेंट, कारोबारी और शिक्षक के रूप में काम कर रहे हैं. कार्यक्रम में सूफी और बॉलीवुड संगीत, स्काई लैंटर्न, आतिशबाजी और डीजे का भी आयोजन हुआ. दिव्यांश झा, अंकित अग्रवाल, गौरांग, राहुल अग्रवाल, किशोर, कबीर खुशालानी, डॉ. सोनिया अब्राहम और अंकुश अग्रवाल सहित अन्य लोग शामिल हुए.
