बिलासपुर में दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए शोभायात्राएं शुरू हो गई हैं. अरपा नदी के छठघाट और पचरीघाट पर प्रतिमाओं का विसर्जन कराया जा रहा है. बड़ी प्रतिमाओं को नदी तक ले जाने और विसर्जन में मदद के लिए नगर निगम ने क्रेन की व्यवस्था की है. एसडीआरएफ की गोताखोर टीम भी विसर्जन स्थलों पर तैनात है.

नगर निगम के अपर आयुक्त खजांची कुम्हार के अनुसार, विसर्जन स्थलों पर कर्मचारियों की ड्यूटी तीन शिफ्ट में लगाई गई है. प्रत्येक शिफ्ट में 50 कर्मचारी रहेंगे, यानी कुल 150 कर्मचारी व्यवस्थाएं संभालेंगे. पुलिस और नगर निगम की टीमें मिलकर श्रद्धालुओं की आवाजाही और प्रतिमा विसर्जन की व्यवस्था देख रही हैं.

चौक-चौराहों पर जांच और पुलिस निगरानी

पुलिस ने विसर्जन मार्गों और प्रमुख चौराहों पर 15 से 20 जवानों की टीमें तैनात की हैं. प्रत्येक टीम के साथ एक थाना प्रभारी और एक राजपत्रित अधिकारी निगरानी करेंगे. सिम्स चौक, देवकीनंदन चौक, ज्वाली नाला, हटरी चौक, कोतवाली के काली मंदिर तिराहे और वाल्मीकि चौक पर जांच प्वाइंट बनाए गए हैं. कोरोना चौक, कोतवाली चौक और शनिचरी जैसे संवेदनशील इलाकों में भी पुलिस की निगरानी जारी है.

जुलूस में शामिल लोगों और झांकियों के शुरुआती स्थानों पर भी जांच की जा रही है. पुलिस लोहे के कड़े, चाकू और अन्य संदिग्ध वस्तुओं पर विशेष नजर रख रही है. भीड़ के बीच सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी तैनात हैं. नशे में वाहन चलाने वालों की जांच के लिए पुलिसकर्मियों को एल्कोमीटर दिए गए हैं. नशे की हालत में विवाद या हुड़दंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

विसर्जन मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित

पचरीघाट और छठघाट जाने वाले तय विसर्जन मार्गों पर भारी वाहनों की एंट्री बंद कर दी गई है. शहर के प्रमुख रास्तों पर चारपहिया वाहनों की आवाजाही भी नियंत्रित की जा रही है. पुलिस ने आयोजन समितियों और श्रद्धालुओं से निर्धारित मार्गों का पालन करने तथा विसर्जन मार्गों पर निजी वाहन नहीं ले जाने की अपील की है.

एडिशनल एसपी पंकज कुमार पटेल के मुताबिक, सड़क से लेकर चौक-चौराहों और विसर्जन स्थलों तक पुलिस बल तैनात है. ड्रोन से निगरानी, बाइक और पेट्रोलिंग वाहनों से गश्त तथा सरप्राइज चेकिंग की जा रही है. पुलिस के अनुसार, सोमवार और मंगलवार को करीब दर्जनभर बदमाशों और पुराने अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की गई. हथियार लेकर चलने, मारपीट करने या शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.