बिलासपुर में अतिक्रमण हटाने की नगर निगम की कार्रवाई के खिलाफ दायर दीवानी मुकदमे में छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने शिकायतकर्ता को पक्षकार बनाने से इनकार कर दिया है. कोर्ट ने कहा कि केवल नगर निगम में अतिक्रमण की शिकायत करने से संबंधित व्यक्ति मुकदमे में आवश्यक या उचित पक्षकार नहीं बन जाता.

जस्टिस रवींद्र कुमार अग्रवाल की एकल पीठ ने संजय सिंह चौहान की याचिका खारिज करते हुए ट्रायल कोर्ट के आदेश को बरकरार रखा. हाई कोर्ट ने कहा कि जब नगर निगम स्वयं अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के खिलाफ दायर मुकदमे में अपना बचाव कर रहा है, तब शिकायतकर्ता की मौजूदगी अनिवार्य नहीं है.

यह विवाद बिलासपुर निवासी गिरीश पांडेय की ओर से दायर मुकदमे से जुड़ा है. पांडेय ने नगर निगम की कार्रवाई के खिलाफ स्थायी निषेधाज्ञा की मांग की थी. उनका कहना था कि संबंधित जमीन पर उनका कब्जा निर्धारित सीमा के भीतर है और उन्होंने सड़क या किसी अन्य जमीन पर अतिक्रमण नहीं किया है. उन्होंने वर्ष 1962-64 में स्वीकृत नगर एवं ग्राम निवेश के नक्शे का भी हवाला दिया था. उनके मकान समेत कुल 3,375 वर्गफीट जमीन का उल्लेख मामले में किया गया है.

नगर निगम का पक्ष था कि स्वीकृत नक्शे के बिना किया गया निर्माण अवैध है और इसी आधार पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है.

चौहान ने नगर निगम में शिकायत की थी और दावा किया था कि उनकी शिकायत के आधार पर कार्रवाई शुरू हुई. इसी वजह से उन्होंने खुद को मुकदमे में प्रतिवादी बनाने की मांग की थी. नौवें सिविल जज कनिष्ठ श्रेणी, बिलासपुर ने 15 मई 2026 को उनका आवेदन खारिज किया था.

हाई कोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट के मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट मामले का हवाला देते हुए कहा कि आवश्यक पक्षकार वह होता है, जिसकी अनुपस्थिति में प्रभावी आदेश पारित नहीं किया जा सकता. उचित पक्षकार की मौजूदगी विवाद के संपूर्ण निपटारे में मदद करती है. कोर्ट को इस मामले में ट्रायल कोर्ट के आदेश में अधिकार क्षेत्र संबंधी कोई त्रुटि नहीं मिली.