छत्तीसगढ़ में शराब, कोल लेवी और मेडिकल मामलों की जांच के तहत राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने शुक्रवार को छह जिलों में 16 ठिकानों पर तलाशी ली. बिलासपुर में यह कार्रवाई उसलापुर स्थित अलका एवेन्यू में कोयला कारोबारी शाहबाज खान के आवास पर की गई. कार्रवाई में EOW और ACB की संयुक्त टीम शामिल रही.

ईओडब्ल्यू की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, तलाशी के दौरान वित्तीय लेनदेन, आर्थिक गतिविधियों और संपत्तियों की रजिस्ट्री से जुड़े दस्तावेजों की जांच की गई. टीम ने कंप्यूटर, मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल उपकरण भी खंगाले. घर के सदस्यों से पूछताछ किए जाने की जानकारी भी सामने आई है.

तीन मामलों में अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई

शराब घोटाले से जुड़े अपराध क्रमांक 04/2024 में रायपुर और राजनांदगांव जिलों के छह स्थानों पर तलाशी ली गई. कोल लेवी मामले में बिलासपुर, कोरबा, रायपुर और दुर्ग के छह ठिकाने जांच के दायरे में रहे. मेडिकल घोटाले के अपराध क्रमांक 05/2025 में रायपुर और गरियाबंद के चार स्थानों पर कार्रवाई की गई.

ईओडब्ल्यू के मुताबिक, तलाशी में वित्तीय अनियमितताओं, कथित अवैध लेनदेन और आर्थिक गतिविधियों से जुड़े अभिलेख, संपत्ति दस्तावेज, डिजिटल उपकरण और अन्य साक्ष्य संकलित किए गए हैं. एजेंसी इन दस्तावेजों और उपकरणों का परीक्षण कर रही है.

आधिकारिक जानकारी में शाहबाज खान के ठिकाने से किसी विशेष बरामदगी का अलग विवरण नहीं दिया गया है. एजेंसी का कहना है कि आरोपितों की भूमिका और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.

शराब मामले में भ्रष्टाचार निवारण कानून के साथ धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक षड्यंत्र से जुड़ी धाराओं के तहत जांच चल रही है. कोल लेवी और मेडिकल मामलों में भी भ्रष्टाचार निवारण कानून तथा संबंधित आपराधिक धाराएं लगाई गई हैं.