बिलासपुर के आबकारी कार्यालय में विभागीय कर्मचारी नहीं होने के बावजूद दो सेवानिवृत्त कर्मचारियों से महत्वपूर्ण और कथित तौर पर गोपनीय काम कराए जाने की शिकायत सामने आई है. शिकायत में कैशबुक, सर्विस बुक, बैंक गारंटी और शराब दुकानों से जुड़े वित्तीय रिकॉर्ड संभालने का आरोप लगाया गया है. कलेक्टर के निर्देश पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है.
शिकायत के अनुसार, आबकारी विभाग से करीब पांच साल पहले सेवानिवृत्त हुए लिपिक बंशीलाल यादव को कैशबुक, स्थापना शाखा, कर्मचारियों की सर्विस बुक, बैंक गारंटी और लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड के रखरखाव का काम सौंपा गया था. आरोप है कि अधिकारियों ने उन्हें अपनी ओर से भुगतान कर काम कराया.
इसी तरह सेवानिवृत्त नगर सैनिक मथुरा कौशिक को अहाता और शराब दुकानों के लाइसेंस शुल्क जमा करने से जुड़े काम दिए जाने की बात शिकायत में कही गई है. इसमें शराब दुकानों से रकम वसूली और बैंक गारंटी से संबंधित कार्य भी शामिल बताए गए हैं. शिकायतकर्ता ने सवाल उठाया है कि नियमित या संविदा कर्मचारी नहीं होने वाले लोगों को विभागीय और वित्तीय दस्तावेजों तक पहुंच कैसे मिली.
शिकायत में यह भी उल्लेख है कि बंशीलाल यादव ने सेवानिवृत्ति के बाद रायपुर आबकारी कार्यालय में करीब तीन साल तक संविदा पर काम किया था और शिकायतों के बाद उन्हें वहां से हटाया गया था. इसके बाद उनके बिलासपुर कार्यालय में काम करने का आरोप लगाया गया है.
संभागीय आबकारी उड़नदस्ता के उपायुक्त अजय सिंह धुर्वे के अनुसार, जांच शुरू कर दी गई है और संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा जाएगा. फिलहाल आरोपों पर अंतिम निष्कर्ष जांच रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगा.
