बिलासपुर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के सिलपहरी स्थित अग्रवाल स्ट्रक्चर फैक्ट्री में मंगलवार शाम एचपी लोडर की चपेट में आने से 39 वर्षीय कर्मचारी राकेश लहरे की मौत हो गई. मृतक हरदी भाठा का रहने वाला था और उसके पिता का नाम कुंवरलाल लहरे बताया गया है.

जानकारी के अनुसार, शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच राकेश फैक्ट्री परिसर में लोडर से कोयला डंप कराने का काम देख रहा था. काम समझाने के बाद वह लोडर से पीछे हटकर खड़ा हो गया. इसी दौरान चालक ने वाहन पीछे किया और राकेश उसकी चपेट में आ गया. हादसे में लोडर का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया.

गंभीर रूप से घायल राकेश को फैक्ट्री कर्मचारियों ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. हादसे के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

घटना की सूचना पर सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया. बुधवार को शव परिजनों को सौंप दिया गया.

पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और लोडर को पीछे करते समय चालक की भूमिका क्या रही, इसकी जांच की जा रही है.