बिलासपुर में Amazon से खरीदे गए Apple AirPods Pro के नकली निकलने के मामले में जिला उपभोक्ता आयोग ने विक्रेता Appario Retail Private Limited को सेवा में कमी और अनुचित व्यापारिक व्यवहार का दोषी माना है. आयोग ने विक्रेता को ₹24,900 की राशि 9 प्रतिशत वार्षिक ब्याज के साथ लौटाने का आदेश दिया है. इसके अलावा ₹5,000 क्षतिपूर्ति और ₹3,000 वाद व्यय भी देना होगा. भुगतान 45 दिनों के भीतर करना होगा.
तालापारा रोड निवासी मोहम्मद अरशद ने 8 मई 2022 को Amazon India से AirPods Pro कैश ऑन डिलीवरी पर मंगाया था. 18 मई को सामान मिलने के बाद पैकेज खोलने पर उन्हें उत्पाद के नकली होने का संदेह हुआ. उन्होंने इसे Apple Store में दिखाया, जहां भी उत्पाद संदिग्ध बताया गया.
अरशद के अनुसार, उन्होंने अनबॉक्सिंग वीडियो के साथ Amazon पर शिकायत और रिव्यू किया, लेकिन रिव्यू हटा दिया गया. कस्टमर केयर से समाधान नहीं मिलने के बाद उन्होंने विधिक नोटिस भेजा और उपभोक्ता आयोग में परिवाद दायर किया.
फॉरेंसिक रिपोर्ट में कई अंतर
सुनवाई के दौरान पेश स्वतंत्र फॉरेंसिक रिपोर्ट में असली और प्राप्त AirPods के वजन, आकार, सीरियल कोडिंग, मार्किंग और मैग्नेटिक फोर्स में अंतर बताया गया. रिपोर्ट में उत्पाद को नकली माना गया. आयोग ने इस रिपोर्ट को स्वीकार करते हुए विक्रेता को जिम्मेदार ठहराया.
आयोग की पीठ ने Amazon India और Apple India को मामले में दायित्व से मुक्त कर दिया. आदेश के अनुसार Amazon मार्केटप्लेस के रूप में काम कर रहा था और बिक्री का बिल Appario Retail के नाम पर था. आयोग ने यह भी माना कि मामला निर्माण दोष का नहीं, बल्कि नकली उत्पाद की बिक्री का था.
