छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में शादी के बाद दूल्हे की शैक्षणिक योग्यता, नौकरी और पारिवारिक संपत्ति से जुड़े दावे कथित तौर पर गलत पाए जाने का मामला सामने आया है. जशपुर की रहने वाली 30 वर्षीय महिला की शिकायत पर कोनी थाना पुलिस ने युवक और उसके माता-पिता के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की है. शिकायत में परिवार से 6.76 लाख रुपए लेने और शादी में दिए गए जेवर नकली होने का भी आरोप लगाया गया है.
पुलिस के अनुसार, महिला वर्ष 2022 से बिलासपुर में रहकर गुरु घासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी में पीएचडी कर रही हैं. हर्षदीप राम जाड़ी उनके साथ हाईस्कूल में पढ़ता था. वर्ष 2022 में दोनों की दोबारा मुलाकात हुई और मई 2024 में हर्षदीप ने शादी का प्रस्ताव रखा. 8 जनवरी 2025 को बिलासपुर के एक कैफे में उसने कथित तौर पर अपना बायोडाटा दिया.
बायोडाटा में नौकरी और संपत्ति के दावे
शिकायत के मुताबिक, बायोडाटा में हर्षदीप ने खुद को BITS Pilani से B.Tech और जयपुर की एक बड़ी कंपनी में डेटा एनालिस्ट मैनेजर बताया था. उसने सालाना वेतन 48 लाख रुपए बताया. साथ ही, पिता के कारोबार का सालाना टर्नओवर 88 लाख रुपए और परिवार के पास 150 से 200 एकड़ जमीन होने का दावा किया गया. इन जानकारियों के आधार पर महिला और उनके परिवार ने शादी के लिए सहमति दी.
दोनों की शादी 12 मार्च 2026 को बिलासपुर के एक होटल में हुई. शिकायत के अनुसार, शादी से पहले फरवरी और मार्च में अलग-अलग जरूरतों के नाम पर हर्षदीप और उसकी मां राजो जाड़ी के खातों में कुल 4.96 लाख रुपए भेजे गए. हर्षदीप के खाते में 60 हजार रुपए अलग से जमा कराए गए. शिकायत में परिवार से कुल 6.76 लाख रुपए लेने का आरोप है.
शादी की रात सामने आई भुगतान की समस्या
महिला के परिवार का आरोप है कि शादी की रात टेंट और कैटरिंग का काम शुरू नहीं हुआ. संबंधित कर्मचारियों ने बताया कि उन्हें केवल 10-10 हजार रुपए एडवांस मिला था. इसके बाद महिला के पिता ने कैटरर और उनके मामा ने टेंट संचालक को 90-90 हजार रुपए दिए. अगले दिन होटल का भुगतान नहीं होने पर संचालक ने हर्षदीप की कार रोक ली. इसके बाद हर्षदीप और उसके पिता के मोबाइल बंद हो गए.
शिकायत के मुताबिक, पूछताछ में हर्षदीप ने BITS Pilani में पढ़ाई और नौकरी से इनकार किया तथा पिता के साथ इमू तेल का कारोबार करने की बात कही. बाद में शादी में मिले जेवरों की जांच कराने पर उनके नकली होने का आरोप लगाया गया. जशपुर में दर्ज शून्य प्राथमिकी और केस डायरी मिलने के बाद बिलासपुर पुलिस ने हर्षदीप, उसके पिता लोधन राम जाड़ी और मां राजो जाड़ी के खिलाफ मामला दर्ज किया है. आरोपों की जांच जारी है.
