बिलासपुर में गणेश उत्सव, दुर्गोत्सव और विश्वकर्मा जयंती से पहले नगर निगम और पर्यावरण संरक्षण मंडल की संयुक्त टीम ने मूर्तियों की दुकानों की जांच की. टीम ने करीब 40 दुकानों का निरीक्षण किया और पांच दुकानों से प्लास्टर ऑफ पेरिस (POP) से बनी 24 छोटी मूर्तियां जब्त कीं. कार्रवाई के बाद दुकानदारों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया. किसी पर पेनाल्टी नहीं लगाई गई.

इन इलाकों में हुई जांच

नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे के निर्देश पर टीम ने पुराने बस स्टैंड, मुंगेली नाका, देवकीनंदन चौक, कंपनी गार्डन और बृहस्पति बाजार रोड की दुकानों की जांच की. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, मुंगेली नाका क्षेत्र में संदीप यादव, सुरेंद्र अनंत और गीता कश्यप की दुकानों से POP मूर्तियां मिलीं. बृहस्पति बाजार रोड पर राजू केशरवानी और संतोष केशरवानी की दुकानों से भी मूर्तियां जब्त की गईं.

नगर निगम प्रशासन ने करीब एक सप्ताह पहले मूर्तिकारों की बैठक लेकर POP की मूर्तियां नहीं बनाने और न बेचने के निर्देश दिए थे. प्रशासन ने मूर्तिकारों से मिट्टी जैसी पर्यावरण-अनुकूल सामग्री का इस्तेमाल करने की अपील भी की थी. इसके बावजूद कुछ दुकानों पर POP मूर्तियां बिक्री के लिए रखी मिलीं.

विसर्जन से प्रदूषण का खतरा

नगर निगम के अपर आयुक्त खजांची कुम्हार ने मूर्ति निर्माण में POP, प्रतिबंधित प्लास्टिक, रासायनिक रंग और पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाली अन्य सामग्री का इस्तेमाल नहीं करने को कहा था. प्रशासन के अनुसार, विसर्जन के दौरान ऐसी गैर-जैव अपघटनीय सामग्री जल स्रोतों में पहुंच सकती है. इससे जल की गुणवत्ता प्रभावित होने और जलीय जीवों व वनस्पतियों को नुकसान पहुंचने का खतरा रहता है.

टीम ने जब्ती के साथ सभी संबंधित दुकानदारों को भविष्य में निर्धारित पर्यावरणीय नियमों का पालन करने के निर्देश दिए.