दीपावली त्योहार से पहले मिलावटी मिठाइयों की आशंका को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने बिलासपुर जिले के कोटा और सीपत क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया. टीम ने तीन मिठाई दुकानों से खोवा, बेसन लड्डू और कुंदा के नमूने लिए हैं. इन नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजने की तैयारी है.

अभिहित अधिकारी आरआर देवांगन के अनुसार, करगी रोड स्थित अनुराधा स्वीट्स से खोवा यानी मावा का नमूना लिया गया. गुड़िया स्वीट्स से बेसन लड्डू और कुंदा के नमूने संग्रहित किए गए. इसके अलावा सीपत स्थित किशोर स्वीट्स से कुंदा का नमूना लिया गया. टीम ने दुकानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा से जुड़े मानकों का भी निरीक्षण किया.

कार्रवाई में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी खीरसागर पटेल, खाद्य सुरक्षा अधिकारी अविषा मरावी और प्रतीक तिवारी शामिल रहे. विभाग के मुताबिक, प्रयोगशाला जांच में मिलावट या गुणवत्ता संबंधी गड़बड़ी मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

व्यापारियों ने उठाए सवाल

गुड़िया स्वीट्स और अनुराधा स्वीट्स के संचालकों सहित स्थानीय व्यापारियों ने जांच की दिशा पर सवाल उठाया है. उनका कहना है कि शहर की बड़ी मिठाई दुकानों और मिठाई बनाने वाली फैक्ट्रियों में भी साफ-सफाई तथा खाद्य पदार्थों की जांच होनी चाहिए. व्यापारियों के अनुसार, त्योहारी सीजन छोटे कारोबारियों के लिए कमाई का महत्वपूर्ण समय होता है और ऐसी कार्रवाई से ग्राहकी प्रभावित होती है.

अधिकारी आरआर देवांगन ने कहा कि ग्रामीण इलाकों में खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका को देखते हुए एहतियातन जांच की गई. उनके अनुसार, विभागीय निर्देश पर अलग-अलग स्थानों पर निरीक्षण जारी है और कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर ही तय होगी. विभाग का उद्देश्य व्यापारियों को परेशान करना नहीं है.