बिलासपुर जिले में खाद्य सुरक्षा जांच के दौरान 9 संस्थानों से लिए गए खाद्य पदार्थों के नमूने निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे. खाद्य-औषधि प्रशासन विभाग के अनुसार, इन नमूनों की जांच रायपुर स्थित राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला में कराई गई थी. विभाग अब संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई करेगा.
जांच में नेशनल डेयरी, अलीमेंटो कैफे, अलाकार्ट, अमृतुल्य फूड एंड बेवरेजेस और सेलेस्टी रेस्टोरेंट से लिए गए पनीर के नमूने असफल पाए गए. विभाग ने ये नमूने प्रदेश में एनालॉग पनीर पर प्रतिबंध के बाद लिए थे. अलाकार्ट से लिया गया दही का नमूना भी मानकों पर खरा नहीं उतरा.
गरिमा फैमिली ढाबा के अंडा करी, रिलायंस रिटेल भाटापारा के चना और लाल किला पोहा के नमूने भी जांच में फेल हुए. शौर्य सुपर मार्ट से लिए गए अमूल और गोवर्धन घी, जबकि अपना मार्ट देवरीखुर्द से लिया गया वचन ब्रांड का घी का नमूना भी असफल रहा.
दीपावली की मिठाइयों की रिपोर्ट का इंतजार
दीपावली के दौरान खाद्य विभाग ने मिठाई दुकानों और अन्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खोवा, कंदा, बेसन लड्डू और काजू कतली के नमूने लिए थे. सूर्या रॉयल स्वीट्स, बजरंग प्रसाद भंडार, बजरंगबली स्वीट्स, न्यू दिल्ली स्वीट्स, श्री बालाजी स्वीट्स एंड नमकीन, विनायक मावा और मनोज गुप्ता की दुकान से नमूने लिए गए. इन्हें भी जांच के लिए राज्य प्रयोगशाला भेजा गया है.
विभाग के अभिहित अधिकारी आरआर देवांगन के अनुसार, इन नमूनों की रिपोर्ट आने में करीब एक महीने का समय लग सकता है. रिपोर्ट में गुणवत्ता मानकों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई और भंडारण से जुड़ी कमियां मिलने पर कुछ दुकानों के लिए सुधार सूचना जारी करने की अनुशंसा भी की गई है.
