बिलासपुर जिले में चार लोगों पर लाठी-डंडों से किए गए जानलेवा हमले के मामले में जिला अदालत ने मुख्य आरोपी कृष्णा साहू को सात साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है. अदालत ने उस पर 6 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है. मामले में शामिल पांच अन्य आरोपियों को पर्याप्त साक्ष्य नहीं मिलने पर बरी कर दिया गया.

यह फैसला दशम अपर सत्र न्यायाधीश आदित्य जोशी की अदालत ने सुनाया. घटना 3 अक्टूबर 2025 को तखतपुर थाना क्षेत्र की जूनापारा चौकी के अंतर्गत ग्राम सलहैया में हुई थी. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, पुरानी रंजिश के चलते कृष्णा साहू ने अपने साथियों के साथ मिलकर मनीष शुक्ला पर लाठी-डंडों से हमला किया था.

मनीष को बचाने के लिए गोकुल सिंह राजपूत, सूर्यकांत राजपूत और उत्तम राजपूत बीच-बचाव करने पहुंचे. आरोप है कि हमलावरों ने उन तीनों पर भी हमला कर दिया. घटना में चारों लोग घायल हुए थे और उन्हें उपचार के लिए लोरमी के एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था. इसके बाद सविता शुक्ला ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी.

छह आरोपियों के खिलाफ चला मामला

पुलिस जांच के बाद कृष्णा साहू, श्रवण साहू, महेंद्र राजपूत, छोटकू उर्फ लक्ष्मण ध्रुव, बाल्मीकि उर्फ गुरुप्रसाद और ओमनारायण नेताम के खिलाफ मामला दर्ज किया गया. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत चालान अदालत में पेश किया.

सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने गवाहों के बयान और अन्य साक्ष्य प्रस्तुत किए. अदालत ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कृष्णा साहू के खिलाफ अपराध साबित माना, जबकि श्रवण साहू समेत पांच आरोपियों को पर्याप्त प्रमाण के अभाव में दोषमुक्त कर दिया.