मथुरा और भूतेश्वर यार्ड में चल रहे रीमॉडलिंग कार्य का असर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से जुड़ी चार लंबी दूरी की ट्रेनों पर पड़ेगा. रेलवे के अनुसार, ये ट्रेनें 9 और 10 अक्टूबर 2026 को अपने नियमित मार्ग के बजाय परिवर्तित रूट से चलेंगी. इनमें दुर्ग, सिवनी, पुरी और अमृतसर जाने वाली ट्रेनें शामिल हैं.
उत्तर मध्य रेलवे के आगरा मंडल के अंतर्गत मथुरा स्टेशन के फेस-2 और भूतेश्वर स्टेशन पर प्री-नॉन इंटरलॉकिंग तथा नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य किया जाना है. इसी वजह से ट्रेनों के परिचालन मार्ग में अस्थायी बदलाव किया गया है.
10 अक्टूबर को निजामुद्दीन से रवाना होने वाली ट्रेन संख्या 22868 निजामुद्दीन-दुर्ग हमसफर एक्सप्रेस निजामुद्दीन, गाजियाबाद, मितावली और आगरा कैंट के परिवर्तित मार्ग से दुर्ग जाएगी. इसी दिन फिरोजपुर से चलने वाली ट्रेन संख्या 20424 पातालकोट एक्सप्रेस दिल्ली सफदरजंग, गाजियाबाद, मितावली और आगरा कैंट होकर सिवनी पहुंचेगी.
ट्रेन संख्या 18478 योगनगरी ऋषिकेश-पुरी कलिंग उत्कल एक्सप्रेस भी 10 अक्टूबर को मेरठ सिटी, खुर्जा, मितावली और आगरा कैंट के वैकल्पिक मार्ग से चलेगी. वहीं, 9 अक्टूबर को विशाखापटनम से रवाना होने वाली ट्रेन संख्या 20807 हीराकुंड एक्सप्रेस आगरा कैंट, मितावली, गाजियाबाद और नई दिल्ली होकर अमृतसर जाएगी.
रेलवे ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन के संचालन दिवस, बदली हुई समय-सारिणी और ठहराव की जानकारी जांचने की अपील की है. इसके लिए एनटीईएस पोर्टल, रेलवन ऐप या रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट का उपयोग किया जा सकता है.
